हिंदी
गो-तस्कर गिरफ्तार (Img: Dynamite News)
Mirzapur: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों और गो-तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी गो-तस्कर गुफरान मोटरसाइकिल से नैड़ी कठारी से गड़बड़ा धाम रोड की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पुलिया के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, रुकने के बजाय आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस ने सीमित जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुफरान पुत्र ईशा, निवासी घुर्माबाद, जिला रोहतास (बिहार) बताया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है।
यह भी पढ़ें: Mirzapur News: जिस काम से परिवार चलाता था, वही बना मौत की वजह; युवक की करंट लगने से मौत
गिरफ्तार आरोपी की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक .315 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 37,500 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से भदोही का रहने वाला है, जबकि वर्तमान में बिहार के रोहतास जिले में रहता है। उसने बताया कि वह प्रयागराज और मध्य प्रदेश सीमा क्षेत्र से सस्ते दामों पर गोवंश खरीदकर बिहार में ऊंचे दाम पर बेचता था। इसी सिलसिले में वह मिर्जापुर आया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मिर्जापुर के लालगंज, जिगना और विंध्याचल थानों में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
यह भी पढ़ें: Mirzapur में जलभराव के बीच हुआ अंतिम संस्कार, बुनियादी सुविधाओं पर उठे सवाल
घटना के संबंध में लालगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
Location : Mirzapur
Published : 19 August 2026, 8:56 AM IST