हिंदी
अपराधी गिरफ्तार
Azamgarh: क्राइम की दुनिया में लंबे समय से सक्रिय और पुलिस के लिए सिरदर्द बना एक इनामी आरोपी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ ही गया। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जो कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था और लगातार अपनी पहचान छुपाकर फरार था।
एसटीएफ लखनऊ को सूचना मिली थी कि आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद इलाके में छिपा हुआ है। इसी इनपुट के आधार पर टीम ने योजना बनाकर दबिश दी और सेक्टर-19, थाना डीएलएफ क्षेत्र के पास से राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई 1 अप्रैल की रात को अंजाम दी गई। जब आरोपी किसी गतिविधि के लिए बाहर निकला था।
राहुल यादव आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, वह करीब 2018 से ही लूट, चोरी, ठगी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। उस पर विभिन्न थानों में कुल 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। यही वजह है कि उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जमीन विवाद के कारण अपराध की दुनिया में उतरा। धीरे-धीरे उसने कई वारदातों को अंजाम दिया और फिर फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदलता रहा और हरियाणा में जाकर छिप गया था।
एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। टीम ने तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की और सही समय पर कार्रवाई कर उसे दबोच लिया। इस ऑपरेशन में स्थानीय पुलिस का भी सहयोग लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Azamgarh
Published : 2 April 2026, 6:12 PM IST
Topics : azamgarh news crime news Police Action UP STF