हिंदी
ट्रैक्टर चढ़ाकर युवक को किया घायल (Img: Dynamite News)
Mainpuri: मैनपुरी जिले के कोतवाली क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक को कथित तौर पर ट्रैक्टर चढ़ाकर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम व्यौंती खुर्द निवासी देवेंद्र सिंह शाक्य ने जिला अधिकारी मैनपुरी को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि 26 मई 2026 को उनके छोटे भाई अरविंद शाक्य को गांव के ही कुछ लोगों ने जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर चढ़ाकर घायल कर दिया। देवेंद्र सिंह के अनुसार, घटना सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। उनका कहना है कि आरोपी पक्ष ने अरविंद शाक्य के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई।
जिसे कहती थी ‘मामा’, उसी ने लूटी आबरू; 7 साल की बच्ची के साथ जो हुआ उसे सुनकर कांप आएंगे आप
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई सैफई रेफर कर दिया। परिवार के अनुसार, उपचार के दौरान डॉक्टरों को घायल युवक के पेट की गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त आंतों को निकालना पड़ा। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का कहना है कि अरविंद अभी भी उपचाराधीन हैं और उनकी स्थिति को लेकर परिवार चिंतित है।
शिकायती पत्र में गांव निवासी अतुल यादव, मोला यादव पुत्र शैलेन्द्र उर्फ मन्सूरखां और शैलेन्द्र उर्फ मन्सूरखां यादव को नामजद किया गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इन्हीं लोगों ने घटना को अंजाम दिया। मामले में कोतवाली मैनपुरी में मुकदमा संख्या 372/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि मामले की जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
बांदा में बड़ा हादसा: सुबह खुशी-खुशी घर से निकले थे बहन-भाई, घर वापस लौटा शव; आखिर ऐसा क्या हुआ?
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी पक्ष लगातार समझौते का दबाव बना रहा है। परिवार का कहना है कि उन्हें फोन कॉल और अन्य माध्यमों से धमकियां दी जा रही हैं। आरोप है कि समझौता न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई है। देवेंद्र सिंह शाक्य ने प्रशासन से मोबाइल नंबर ट्रेस कराने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार भय के माहौल में जी रहा है।
जिला अधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
Location : Mainpuri
Published : 15 June 2026, 2:36 PM IST