हिंदी
निचलौल में तीन बाइकों की भिड़ंत (Img: Dynamite News)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निचलौल-ठूठीबारी मार्ग पर रविवार सुबह करीब 11 बजे उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब सिरौली पेट्रोल पंप के पास तीन मोटरसाइकिलों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइकों पर सवार कुल सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बड़ेपुरवा टोला डगरू निवासी शिव बसंत विश्वकर्मा पुत्र अयोध्या विश्वकर्मा अपनी बाइक से 14 वर्षीय अंजू पुत्री गजेंद्र को लेकर गोरखपुर दवा कराने जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर 20 वर्षीय उदयभान चौहान पुत्र राजेंद्र चौहान और 25 वर्षीय छोटू कुमार भारती पुत्र रजन प्रसाद सवार थे। बताया जा रहा है कि दोनों नेपाल के पारसी से काम करके अपने घर कटहरी बाजार लौट रहे थे।
वहीं तीसरी मोटरसाइकिल पर 35 वर्षीय रिंकी पटेल पत्नी राणा प्रताप पटेल अपनी पुत्री अध्या पटेल के साथ सवार थीं। दोनों ईटहिया मिनी धाम में दर्शन करने के बाद अपने घर पिपराकाजी लौट रही थीं।
इसी बीच सिरौली पेट्रोल पंप के पास तीनों मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद सभी सात लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
जांच के बाद रिंकी पटेल और उनकी पुत्री अध्या पटेल की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार निचलौल सीएचसी में किया गया।
हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों से जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर भीड़ जुटने से आवागमन भी प्रभावित हुआ।
Location : Maharajganj
Published : 9 August 2026, 5:42 PM IST
Topics : Bike Accident Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Nichlaul CHC Road Accident Three Bike Collision