चार दिन पहले हुई थी सगाई, ऑफिस में बढ़ी किसी और से नजदीकियां! गुस्से में बॉयफ्रेंड ने उतार दिया मौत के घाट

लखनऊ में एक 22 वर्षीय युवती की मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। सगाई के कुछ ही दिनों बाद अचानक गायब हुई शिवानी की कहानी एक ऐसे मोड़ पर पहुंची, जिसने रिश्तों, भरोसे और जुनून पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच में जो सच सामने आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 May 2026, 8:55 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय शिवानी सिंह की हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। हैरानी की बात यह है कि शिवानी की सगाई महज चार दिन पहले हुई थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों का यह माहौल अचानक मातम में बदल जाएगा।

पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ, उसने रिश्तों की हकीकत पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में शिवानी के कथित बॉयफ्रेंड प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली है।

7-8 साल पुराना रिश्ता बना मौत की वजह

पुलिस के मुताबिक प्रेम कुमार मांझी लखनऊ में डिलीवरी बॉय का काम करता है। वह पिछले 7 से 8 वर्षों से शिवानी के संपर्क में था। दोनों के बीच गहरी दोस्ती और रिश्ते की बात सामने आई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से शिवानी अपने ऑफिस के सहकर्मी मनीष के साथ ज्यादा समय बिताने लगी थी। आरोपी को शिवानी के मोबाइल फोन में मनीष के साथ तस्वीरें मिली थीं, जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। इसी शक और गुस्से ने धीरे-धीरे एक खौफनाक साजिश का रूप ले लिया।

65 लाख गायब, पोस्टमास्टर की मौत और सुसाइड नोट में लिखा एक नाम… प्रयागराज डाकघर में आखिर किसने रची साजिश?

जंगल ले जाकर की बेरहमी से हत्या

पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरोपी प्रेम कुमार शिवानी को अपनी बाइक पर बैठाकर उतरेटिया रेलवे लाइन के पास जंगल क्षेत्र में ले गया। वहां उसने पहले वाटर लेवलिंग में इस्तेमाल होने वाले रबर पाइप से शिवानी का गला घोंट दिया। इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी ने पास में पड़ी सीमेंट की ईंट से शिवानी का सिर भी कुचल दिया ताकि उसकी पहचान मुश्किल हो सके। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने शव को झाड़ियों में फेंक दिया और मोबाइल फोन तेलीबाग नहर में डालकर सबूत मिटाने की कोशिश की।

14 मई को हुई थी सगाई

शिवानी सिंह अपने परिवार के साथ एल्डिको उद्यान इलाके के रक्षा खंड में किराए के मकान में रहती थी। उसकी मां घरों में काम करती हैं जबकि पिता शटरिंग मजदूर हैं। शिवानी एक रियल एस्टेट कंपनी में चैनल पार्टनर के तौर पर काम कर रही थी और परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाती थी।

Greater Noida: ‘गांव की सबसे सुंदर बेटी’ की दर्दनाक मौत! एक करोड़ की शादी भी नहीं बचा सकी दीपिका की जिंदगी

परिजनों के अनुसार 14 मई को उसकी सगाई प्रकाश नाम के युवक से हुई थी। घर में शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। रविवार को शिवानी रोज की तरह ऑफिस जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।

सीसीटीवी और सर्विलांस से खुला राज

सोमवार सुबह सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के जंगल में एक युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। तस्वीर देखने के बाद शिवानी की मां ने शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चार टीमें गठित कीं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने पूरी वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Location :  Lucknow

Published :  20 May 2026, 8:55 AM IST

Advertisement