लखनऊ में बैंककर्मी की दिनदहाड़े हत्या: पत्नी को बचाने आगे आने वाले पर तान दी थी पिस्तौल

लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में आईसीआईसीआई बैंक के बाहर दिनदहाड़े एक महिला बैंककर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार आरोपी पति पूरी योजना के साथ दो पिस्तौल लेकर पहुंचा था। पहली पिस्तौल से गोली नहीं चलने पर उसने दूसरी पिस्तौल से पत्नी के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 21 August 2026, 10:11 AM IST
google-preferred

Lucknow: आरोपी मानस दोपहर करीब 12 बजे ऑटो से गोमतीनगर स्थित बैंक पहुंचा। वह बैंक के बाहर अपनी पत्नी दिव्या का इंतजार करता रहा। जैसे ही दिव्या अपने सहयोगी के साथ कार से बैंक पहुंचीं और अंदर जाने लगीं, आरोपी ने उन्हें पकड़ लिया। उसने बाल खींचकर उनका सिर कार के बोनट पर पटक दिया। दिव्या ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सकीं।

मदद करने वालों को भी दिखाई पिस्तौल

घटना के दौरान दिव्या के सहयोगी उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन आरोपी ने उन पर पिस्तौल तान दी और गोली मारने की धमकी दी। इससे दोनों सहयोगी पीछे हट गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने किसी को भी हस्तक्षेप नहीं करने दिया और लगातार महिला पर हमला करता रहा।

यह भी पढ़ें: Lucknow Horror: लखनऊ डबल मर्डर केस में बड़ा खुलासा, पत्नी और बहन की हत्या के बाद सुसाइड करने वाला मानस करता था ये हरकतें

पहली गोली मिस हुई, दूसरी पिस्तौल से की हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने बैग में दो पिस्तौल लेकर आया था। पहले हथियार से उसने गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन फायर नहीं हुआ। इसके बाद उसने पहला हथियार बैग में रखा और दूसरी पिस्तौल निकालकर दिव्या के सिर से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही महिला मौके पर गिर गई। वारदात के बाद आरोपी ऑटो में बैठकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद

पुलिस आयुक्त के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दिव्या ने जनवरी में पारिवारिक न्यायालय में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। इसके साथ ही उन्होंने स्त्रीधन और हर्जाने की भी मांग की थी। वहीं, आरोपी पति तलाक नहीं चाहता था और पत्नी के साथ रहने की कोशिश कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।

साक्ष्य जुटा रही पुलिस

पुलिस ने आरोपी के घर से सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर कब्जे में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना और उससे जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: Murder in Lucknow: लखनऊ में दिनदहाड़े दिव्या मिश्रा की बैंक के बाहर गोली मारकर हत्या, पति ने फोन कर बुलाया और…

परिवार में पसरा मातम

दिव्या की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने बताया कि वह परिवार की मुख्य जिम्मेदारियां निभा रही थीं। उनकी बहन ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए घटना पर गहरा दुख जताया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Location :  Lucknow

Published :  21 August 2026, 10:11 AM IST

Related News

Advertisement