35 बच्चों-शिक्षकों से भरी बस पर काल बनकर टूटा डंपर और थम गई शिक्षिका की सांसें; कानपुर में बड़ा हादसा, कई छात्र घायल

गांधी जयंती कार्यक्रम के लिए निकली स्कूल बस हादसे का शिकार, डंपर की टक्कर में शिक्षिका की मौत और कई छात्र घायल।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 2 October 2026, 2:35 PM IST
google-preferred

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बिधनू थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कम्प मच गया जब स्कूल बस और मौरंग लदे डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन छात्र और शिक्षक घायल हो गए। दुर्घटना हरबंसपुर गांव के पास कानपुर-सागर हाईवे पर हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गांधी जयंती कार्यक्रम में जा रही थी स्कूल बस

जानकारी के मुताबिक चीना पब्लिक स्कूल की बस शिक्षक और छात्रों को लेकर घाटमपुर स्थित स्कूल जा रही थी। बस में स्टूडेंट व शिक्षक समेत करीब 35 लोग सवार थे। ये सभी स्कूल में गांधी जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार मौरंग लदे डम्फर ने बस में टक्कर मार दी , टक्कर लगते ही हड़कम्प मच गया चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बस में फंसे बच्चो व अन्य लोगों को निकाला और पुलिस को सूचना दी।

कानपुर में उफान पर गंगा: हरिद्वार और नरौरा से पानी छोड़े जाने के बाद डूबीं घाट की सीढ़ियां, प्रशासन में अलर्ट

कांच लगने से शिक्षिका की हालत बिगड़ी

बताया जा रहा है कि टक्कर के दौरान बस के शीशे टूट गए। पीछे की तरफ बैठीं विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके सिर में टूटे शीशे के टुकड़े लगने की बात सामने आई है। उन्हें तत्काल बिधनू सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। ऐश्वर्या बर्रा क्षेत्र की रहने वाली थीं।

छात्रों समेत शिक्षक भी घायल

दुर्घटना में कक्षा सात के छात्र रौनक वर्मा की आंख में कांच लगने की बात सामने आई है। भाई कनिष्क समेत मैत्री, सुहानी और कुशाग्र भी बस में मौजूद थे। शिक्षिका अंजू रीता और शिक्षक हिमांशु यादव को इलाज के बाद जिला अस्पताल भेजा गया। कुछ अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। दो छात्रों को भी चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर किया।

कानपुर में हुक्का बारों पर पुलिस का शिकंजा! रेड पड़ते ही मचा हड़कंप, 12 लोग मिले हुक्का पीते

ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची बिधनू पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शिक्षिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डंपर को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Kanpur

Published :  2 October 2026, 2:35 PM IST

Advertisement