हिंदी
मुहूर्त से पहले शुरू हुई 14 कोसी परिक्रमा (Img: Pinterest)
Ayodhya: अयोध्या में अक्षय नवमी पर होने वाली 14 कोसी परिक्रमा तय मुहूर्त से पहले ही शुरू हो गई। मंगलवार रात 1:21 बजे परिक्रमा का शुभारंभ होना था, लेकिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु इससे पहले ही नंगे पांव आस्था की यात्रा पर निकल पड़े। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की ओर से व्यवस्थाएं की गई हैं। इस बार परिक्रमा में करीब 30 लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है।
अक्षय नवमी के अवसर पर अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा तय समय से पहले शुरू हो गई। नाका स्थित सिद्ध हनुमानगढ़ी से परिक्रमा शुरू करने से पहले श्रद्धालुओं ने धरती मां को प्रणाम किया। इसके बाद जय श्रीराम के उद्घोष और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़े। बड़ी संख्या में लोग नंगे पांव इस धार्मिक यात्रा में शामिल हुए।
रामबल्लभाकुंज मंदिर के महंत एवं राम मंदिर की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास ने 14 कोसी परिक्रमा को प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक बताया। वहीं, राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और निर्मोही अखाड़े के महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि कार्तिक मास की अक्षय नवमी पर की गई परिक्रमा का पुण्य कभी नष्ट नहीं होता। उनके अनुसार, इससे आत्मिक शुद्धि के साथ सांसारिक कष्टों से मुक्ति मिलती है।
ये भी पढ़े: UP Election 2027: बसपा भी पहुंची रामनगरी, आकाश आनंद अयोध्या से फूंकेंगे चुनावी बिगुल; बना बड़ा सियासी प्लान
अयोध्या में शुरू हुई 14 कोसी परिक्रमा (Img: Pinterest)
चौदह कोसी और पंचकोसी परिक्रमा के दौरान अयोध्या में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने रामलला के दर्शन का समय एक घंटे बढ़ा दिया है। नई व्यवस्था के तहत 18 से 22 नवंबर तक श्रद्धालु रात 11 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे। पहले रात 8:45 बजे मुख्य द्वार से प्रवेश बंद कर दिया जाता था। अब भी रात 8:45 बजे भोग और संध्या आरती के लिए दर्शन रोक दिए जाएंगे, लेकिन इसके बाद रात 9:30 बजे से 11 बजे तक दोबारा प्रवेश और दर्शन शुरू होंगे। इस व्यवस्था की जानकारी न्यास के सीईओ जितेंद्र मिश्र ने प्रमुख पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) को दे दी है।
ये भी पढ़े: UP News Live Update: अखिलेश यादव का गोरखपुर दौरा, अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा; यूपी की बड़ी खबरें
श्रीराम मंदिर परिसर में गोसदन का निर्माण भी शुरू हो गया है। शुरुआत में यहां 8 से 10 देशी गायें रखी जाएंगी। इन गायों के दूध, दही और घी से रामलला का पूजन, अभिषेक और भोग-प्रसाद तैयार किया जाएगा। गोसदन की स्थापना के उपलक्ष्य में मंगलवार दोपहर मंत्रोच्चार के साथ गोपूजन किया गया। इस अवसर पर निर्मोही अखाड़ा के महंत स्वामी दिनेंद्र दास महाराज, सीईओ जितेंद्र मिश्र, सचिव जगदीश आफले, अर्चक केशव शर्मा और आचार्य इंद्रदेव मिश्र मौजूद रहे। इस तरह अक्षय नवमी पर 14 कोसी परिक्रमा में श्रद्धालुओं की भागीदारी, रामलला के दर्शन के समय में बदलाव और मंदिर परिसर में गोसदन का निर्माण अयोध्या की धार्मिक गतिविधियों से जुड़ी प्रमुख व्यवस्थाओं में शामिल रहे।
Location : Ayodhya
Published : 18 November 2026, 1:34 PM IST