अमेठी में प्रेम विवाह का खौफनाक अंत, युवक की गला रेतकर हत्या; मुख्य आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

अमेठी के गौरीगंज में प्रेम विवाह के तीन साल बाद एक युवक की कथित तौर पर युवती के परिजनों ने गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 4 August 2026, 6:08 PM IST

Amethi: अमेठी में तीन साल पहले शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक तरीके से हुआ। गौरीगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की कथित तौर पर उसकी पत्नी के मायके वालों ने गला रेतकर हत्या कर दी। आरोप है कि युवक को घर के अंदर बंद कर धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ने का दावा किया है।

घर बुलाकर हत्या का आरोप

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के मुताबिक, गौरीगंज थाना क्षेत्र के बानसिंह वार्ड नंबर-17 निवासी कंचन कश्यप ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि सोमवार शाम करीब छह बजे उनके बेटे अंकित कश्यप को गांव के ही सुकई यादव और रामसुंदर यादव जबरन अपने घर ले गए। आरोप है कि घर के अंदर सरिता यादव और रंजना यादव ने दरवाजा बंद कर दिया, जिसके बाद चारों ने मिलकर अंकित पर धारदार हथियार से हमला कर उसका गला काट दिया।

अमेठी में युवक की गला रेत कर हत्या, आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर किया प्रदर्शन, इलाके में पुलिस बल तैनात

मुख्य आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार

हत्या के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मंगलवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी सुकई यादव को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने का दावा किया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। इसके अलावा रामसुंदर यादव, सरिता यादव और रंजना यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

तीन साल पुरानी थी प्रेम कहानी

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में गांव की रहने वाली श्वेता यादव अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसकी तलाश की, जिसके बाद पता चला कि उसका अंकित कश्यप के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि बालिग होने के बाद श्वेता अंकित के साथ दिल्ली चली गई थी। दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया और दिल्ली में रहने लगे। इस दौरान उनके दो बच्चे भी हुए। पुलिस के मुताबिक, श्वेता अपने माता-पिता की इकलौती संतान है।

न सिफारिश न ही देरी…… जानिए किस प्रशासनिक मामले में यूपी के टॉप-10 जिलों में शामिल हुआ अमेठी

घर लौटते ही हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, अंकित 31 जुलाई को किसी काम से अपने गांव आया था, जबकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चे दिल्ली में ही थे। आरोप है कि युवती के परिजन अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज थे और मौका मिलने का इंतजार कर रहे थे। सोमवार शाम जब अंकित बाजार से घर लौट रहा था, तभी कथित तौर पर घात लगाए बैठे लोगों ने उसे पकड़ लिया और अपने घर ले जाकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस कर रही जांच

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Amethi

Published :  4 August 2026, 6:08 PM IST