Pratapgarh Crime: महिला की मौत के बाद बाजार बंद, SDM के आश्वासन पर अंतिम संस्कार को माने परिजन

प्रतापगढ़ में मारपीट में घायल आरती केसरवानी की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत के बाद हीरागंज बाजार बंद रहा। परिजनों ने मुआवजे, सुरक्षा और आरोपितों पर कार्रवाई समेत कई मांगें रखीं। रविवार देर रात कुंडा SDM के आश्वासन के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ। सोमवार को अंतिम संस्कार होगा।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 5 October 2026, 11:32 AM IST
google-preferred

Pratapgarh: प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र में बकरियों के सब्जी खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर मोड़ ले चुका है। मारपीट में घायल आरती केसरवानी की लखनऊ के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत की खबर फैलते ही रविवार को हीरागंज बाजार के व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं। वहीं, परिजनों ने कई मांगों को लेकर अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। देर रात प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।

इलाज के दौरान हुई महिला की मौत

तख्त का पुरवा गांव निवासी आरती केसरवानी के साथ 22 सितंबर को बकरियों के सब्जी खाने को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।

हालत बिगड़ने पर आरती को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित पनेशिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। यहां करीब 11 दिन तक इलाज चलने के बाद 3 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे उनकी मौत हो गई।

मौत के बाद बंद रहा हीरागंज बाजार

आरती की मौत की सूचना मिलते ही रविवार को हीरागंज बाजार में व्यापारियों ने स्वेच्छा से दुकानें बंद रखीं। बाजार बंद रहने से इलाके में घटना को लेकर लोगों की नाराजगी और पीड़ित परिवार के प्रति समर्थन नजर आया।

परिजनों ने जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपकर आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई के साथ परिवार को राहत देने की मांग की।

India vs West Indies T20: वनडे के बाद T20 में भी चलेगा Team India का दम? लखनऊ में रिकॉर्ड पर नजर

परिवार ने रखीं चार प्रमुख मांगें

परिजनों ने आरोपितों के मकानों का बुलडोजर से ध्वस्तीकरण, परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा, सुरक्षा के लिए दो लाइसेंसी असलहे और जीवनयापन के लिए पांच बीघा जमीन देने की मांग की है।

इसके अलावा घटना में शामिल सभी आरोपितों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग भी की गई है।

चार नामजद आरोपित गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरती की मौत के बाद दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा की बढ़ोतरी की जाएगी। हालांकि, परिजन अन्य आरोपितों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

SDM के आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार को राजी

रविवार रात करीब 11 बजे कुंडा SDM पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों की मांगें सुनीं और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।

बताया गया है कि सोमवार को श्रृंगवेरपुर धाम में आरती का अंतिम संस्कार किया जाएगा। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस और प्रशासन सतर्क रहा। लेखपाल आशीष कुमार, महेशगंज थानाध्यक्ष राहुल कुमार, हीरागंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उदय शंकर पांडेय, भाजपा नेता अभय प्रताप सिंह ‘पप्पन’, आदित्य सिंह ‘पप्पन’ समेत सभासद और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।

Location :  Pratapgarh

Published :  5 October 2026, 11:32 AM IST

Advertisement