हिंदी
फतेहाबाद में पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या (Img: AI)
Fatehabad: हरियाणा के फतेहाबाद जिले के खारा खेड़ी गांव में शनिवार को पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने उन पर कथित तौर पर करीब 15 राउंड फायरिंग की। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र खिलेरी गांव स्थित पंचायत के एक ढाबे पर मौजूद थे, जिसे लीज पर दिया गया है। इसी दौरान हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
हमले में गंभीर रूप से घायल राजेंद्र खिलेरी को तत्काल अग्रवाल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई तथा फतेहाबाद के पूर्व विधायक दुड़ाराम के करीबी थे। उनकी हत्या की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
Location : Fatehabad
Published : 4 July 2026, 8:59 PM IST