“जल लेकर लौटते ही घेर लिया!” डीजे विवाद के बाद कांवड़िए पर चाकू-डंडे से हमला, चार नामजद

गोरखपुर के गोला क्षेत्र में सरयू घाट से जल लेकर लौट रहे कांवड़िए पर कथित तौर पर चाकू और डंडे से हमला कर दिया गया। घटना से पहले डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला शांत हो गया था।

Gorakhpur: गोला उपनगर स्थित सरयू नदी के पक्का घाट पर जल भरने आए कांवड़ियों के बीच डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ मनबढ़ों ने एक कांवड़िए पर चंद चौराहे के पास हमला कर दिया। चाकू और डंडे से किए गए हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पक्ष की तहरीर पर गोला पुलिस ने चार नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जल भरने के बाद हुआ हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोला थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी सूरज पुत्र संतोष अपने मित्र कबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के मुंडेरा शुक्ल भरवनी गांव निवासी अनूप गौड़ पुत्र गंगादीन गौड़ के साथ रविवार की देर रात करीब एक बजे सरयू नदी के पक्का घाट पर जल भरने पहुंचे थे। इसी दौरान कांवड़ियों के बीच डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया। हालांकि कुछ देर बाद मामला शांत हो गया और सूरज व अनूप जल लेकर वापस जाने लगे।

ये भी पढ़ें- ‘दवा लेकर घर लौट रहे थे पापा, रास्ते में ही थम गईं सांसें’ देवरिया में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार

जान से मारने की नीयत से किया हमला

आरोप है कि दोनों जब चंद चौराहे के पास पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद विशाल निषाद, अंकित निषाद पुत्र सिंगारे निषाद, हिमांशु निषाद और मोहित निषाद समेत अन्य लोगों ने अनूप को रोक लिया। आरोपितों ने उस पर जान से मारने की नीयत से चाकू और डंडे से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से अनूप गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

सूरज के मुताबिक उसने और अन्य कांवरियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह अनूप को हमलावरों से बचाया। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जानमाल की धमकी दी और दोबारा मिलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

ये भी पढ़ें- रस्सी का सहारा और लोहे का कड़ाव… फतेहपुर में प्रशासनिक अनदेखी पर ग्रामीणों का अनोखा जुगाड़

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के बाद घायल अनूप को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मामले में घायल पक्ष की लिखित तहरीर पर गोला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190, 109, 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 August 2026, 12:17 PM IST

Related News

Advertisement