हिंदी
देवरिया में किशोर पर चाकू से हमला (Img: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के जिले देवरिया के भाटपार रानी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक किशोर पर चाकू से हमला कर दिया गया। महुआबारी चौराहे के पास हुई घटना में किशोर की गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल को पहले भाटपार रानी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जिरासो निवासी प्रभुनाथ यादव का 17 वर्षीय बेटा प्रिंस मंगलवार रात किसी काम से जिरासो चौराहे पर गया था। इसी दौरान महुआबारी चौराहे के पास कथित तौर पर पहले से घात लगाए बैठे एक युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से किशोर को संभलने का मौका नहीं मिला। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। घटना के बाद हमलावर वहां से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: Deoria News: आखिर किस हादसे का इंतजार कर रहे जिम्मेदार? नाला तो बना, लेकिन पानी निकासी का इंतजाम गायब
हमले की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल प्रिंस को तत्काल भाटपार रानी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार किया। किशोर की गर्दन और हाथ पर गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही भाटपार रानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ ही हमलावर की तलाश शुरू कर दी है। भाटपार रानी के सीओ मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें: Deoria News: हत्या के बाद फरार था आरोपी, पुलिस ने ऐसे दबोचा… निशानदेही पर झाड़ियों से मिला ‘आलाकत्ल’
किशोर पर हमला क्यों किया गया, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटना के बाद इलाके में अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस हमले के पीछे की वजह और आरोपी की पहचान पता करने में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारण और हमलावर के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Location : Deoria
Published : 26 August 2026, 10:43 AM IST