UP के एक्सप्रेसवे पर अब नो टेंशन: हादसा हो या गाड़ी खराब, सिर्फ एक कॉल पर सीधे पहुंचेगी एंबुलेंस और मदद

UP के सभी एक्सप्रेसवे पर सफर अब और सुरक्षित होगा। यूपीडा बनाने जा रहा है 'इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर', जहां हेल्पलाइन 14449 पर कॉल करते ही जीपीएस और हाइटेक कैमरों की मदद से एंबुलेंस और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचेगी।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 26 August 2026, 12:18 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश के किसी भी एक्सप्रेसवे पर सफर करते समय अब आपात स्थिति में यात्रियों को घबराने या अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है।

अब प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे की सुरक्षा और मदद का जिम्मा एक ही छत के नीचे होगा। इसके लिए एक एकीकृत 'कमांड एंड कंट्रोल सेंटर' बनाया जा रहा है, जिसे अगले छह महीनों में पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा।

14449 हेल्पलाइन से तुरंत मिलेगी एंबुलेंस और पुलिस

इस नई पहल की सबसे खास बात यह है कि मौजूदा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 14449 को सीधे इस हाइटेक कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा। जैसे ही कोई यात्री इस नंबर पर मदद के लिए कॉल करेगा, उसकी लोकेशन, गाड़ी की स्थिति और घटना की गंभीरता तुरंत दर्ज हो जाएगी। इसके बाद उसी प्लेटफॉर्म से सीधे निकटतम एंबुलेंस, पुलिस, क्रेन या गश्ती दल को मौके पर रवाना कर दिया जाएगा।

हाईटेक कैमरों और जीपीएस से हर गाड़ी पर रहेगी नजर

अब एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा में गाड़ी चलाना, ओवरस्पीडिंग या सड़क पर जाम लगाना भारी पड़ेगा। कमांड सेंटर को ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR), सीसीटीवी कैमरे, स्पीड मेजरमेंट सिस्टम और मौसम सेंसर से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा जीपीएस ट्रैकिंग की मदद से यह भी देखा जा सकेगा कि हादसे की सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस या सहायता गाड़ी कितनी देर में पीड़ित तक पहुंची।

Road Accident: केएमपी एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, UP के एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत, नाबालिग गंभीर

हर एक मिनट का रहेगा हिसाब

इस व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए 14449 पर आने वाली हर कॉल और उस पर की गई कार्रवाई का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा। कौन सी कॉल मिस हुई, कितनी देर में मदद पहुंची और समस्या का निस्तारण हुआ या नहीं इन सबका रियल-टाइम डेटा दर्ज होगा। अभी तक टोल, सुरक्षा और ट्रैफिक की जानकारी अलग-अलग जगहों पर होती थी, लेकिन अब यह साझा कमांड सेंटर यात्रियों के सफर को बेहद सुरक्षित और आसान बना देगा।

Location :  LUcknow

Published :  26 August 2026, 12:18 PM IST

Related News

Advertisement