हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Agra: आगरा-झांसी रेलवे लाइन पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में रेलवे के अवर अभियंता (JE) मनोज सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। जाजऊ रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर काम खत्म करने के बाद वह वहां से गुजर रही झेलम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे में उनके दोनों पैर कटकर अलग हो गए। गंभीर हालत के बावजूद मनोज ने हिम्मत नहीं हारी और अपने साथी जेई को फोन कर घटना की जानकारी दी। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मनोज सैनी रेलवे के एफएमआई विभाग में अवर अभियंता के पद पर तैनात थे और मूल रूप से चंदौसी के रहने वाले थे। मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे जाजऊ रेलवे स्टेशन के पास वह ब्लॉक लेकर मशीन से नीचे उतरे थे।
इसी दौरान भाड़ई की ओर से आ रही झेलम एक्सप्रेस की चपेट में वह आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनके दोनों पैर धड़ से अलग होकर कुछ दूरी पर जा गिरे। ट्रेन के गुजरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल मनोज कुछ देर तक ट्रैक के किनारे पड़े रहे। आंखों के सामने अंधेरा छाने और सांसें उखड़ने के बावजूद उन्होंने होश नहीं खोया। उन्होंने अपने साथी जेई मुकेश को फोन कर हादसे की जानकारी दी।
मुकेश समेत अन्य रेलवे कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनोज को एंबुलेंस तक पहुंचाया गया और उपचार के लिए सीएचसी सैंया ले जाया गया।
सीएचसी सैंया में प्राथमिक उपचार के बाद मनोज की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। रेलवे कर्मचारी और पुलिस की मदद से उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
शाम करीब 7 बजे उपचार के दौरान मनोज सैनी ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद रेलवे कर्मचारियों और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने दर्दनाक मंजर देखा। प्रत्यक्षदर्शी संतोष के अनुसार, झेलम एक्सप्रेस के गुजरने के बाद लोगों को दुर्घटना का पता चला। पटरी के पास कपड़ों की फेरी लगाने वाली रुखसाना ने मनोज के कटे पैर देखे तो वह भावुक होकर वहीं बैठ गईं।
आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि मनोज जाजऊ में ट्रैक पर काम कर रहे थे। काम समाप्त करने के बाद गुजर रही झेलम एक्सप्रेस की चपेट में आने से वह घायल हुए और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Location : Agra
Published : 26 August 2026, 11:22 AM IST
Topics : Agra news Jhansi Express railway accident