हिंदी
मासूम के साथ दरिंदगी, मामा गिरफ्तार
Gorakhpur: गुलरिहा थाना क्षेत्र में 9 माह की मासूम बच्ची के साथ हुई कथित दरिंदगी की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मां के पास सो रही बच्ची देर रात अचानक गायब हो गई और शनिवार सुबह घर से करीब 500 मीटर दूर गंभीर हालत में मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बच्ची के मामा को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से महाराजगंज जिले के पनियरा क्षेत्र का रहने वाला परिवार वर्तमान में गुलरिहा क्षेत्र में रह रहा है। शुक्रवार रात करीब दो बजे 9 माह की बच्ची अपनी मां के साथ सो रही थी। देर रात जब परिजनों की नींद खुली तो बच्ची बिस्तर पर नहीं मिली। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक टीनशेड के पास बच्ची को गंभीर अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटहट ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए बच्ची को बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही गुलरिहा पुलिस, फॉरेंसिक टीम और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर बच्ची के मामा को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोप है कि वह नशे की हालत में बच्ची को मां के पास से उठाकर ले गया और उसके साथ घिनौना कृत्य किया। पुलिस आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
मासूम बच्ची के साथ हुई इस अमानवीय घटना से पूरे इलाके में गुस्सा और आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की है। लोगों का कहना है कि इतनी छोटी बच्ची के साथ हुई यह घटना समाज को शर्मसार करने वाली है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है, जबकि बच्ची का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 20 June 2026, 6:01 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur UP Police