गाजियाबाद से गायब युवक की लाश मेरठ हाईवे पर मिली, शरीर पर चोट के निशान… आखिर किसने और क्यों की हत्या?

मेरठ के दौराला क्षेत्र में सकौती गांव के पास हाईवे किनारे गाजियाबाद निवासी दीपक जोशी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 5 July 2026, 12:19 PM IST
google-preferred

Meerut: मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सकौती गांव के पास हाईवे किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान गाजियाबाद के लोनी देहात निवासी दीपक जोशी के रूप में हुई है। पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को मेरठ हाईवे पर लाकर फेंक दिया गया।

बैग में मिले पहचान पत्र से हुई शिनाख्त

पुलिस के अनुसार मृतक के पास मिले बैग की तलाशी लेने पर उसमें मौजूद पहचान पत्र से उसकी पहचान दीपक जोशी (करीब 25 से 30 वर्ष) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क साधने की प्रक्रिया शुरू की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका गहराई

प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं। इन निशानों के आधार पर पुलिस को हत्या की आशंका और मजबूत लग रही है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाएगी।

बेटी की डोली उठने से पहले ही जल गया अरमानों का दहेज, मुजफ्फरनगर में भीषण आग से नफीसा का सब कुछ राख

सीसीटीवी फुटेज से हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश

सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि पुलिस आसपास के इलाकों और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को किस वाहन से यहां लाया गया और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

मेरठ के चर्चित बहुरानी हत्याकांड में 6 साल बाद आया ऐतिहासिक दिन, कोर्ट का फैसला सुनकर सास और जेठानी रोने लगी

जल्द खुलासे का दावा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद हत्या के पीछे की वजह भी साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में जुटी है और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।

Location :  Meerut

Published :  5 July 2026, 12:19 PM IST

Related News

Advertisement