जिस बंदूक ने कभी परिवार की रक्षा की, उसी से उजड़ा अपना ही घर… फतेहपुर की खौफनाक वारदात

फतेहपुर जिले में पारिवारिक विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि एक पिता ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से बेटे और बहू पर गोलियां चला दीं। वारदात के बाद आरोपी करीब आधे घंटे तक बंदूक लेकर घर में घूमता रहा, जिससे गांव में दहशत फैल गई। इलाज के दौरान बेटे की मौत हो गई, जबकि बहू का ऑपरेशन कर गोली निकाली गई।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 25 June 2026, 8:58 AM IST
google-preferred

Fatehpur: फतेहपुर जिले के सीतापुर गांव में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। एक पिता ने अपने ही बेटे और बहू पर लाइसेंसी दुनाली बंदूक से गोलियां चला दीं। वारदात के बाद आरोपी पिता करीब आधे घंटे तक हथियार लेकर घर में घूमता रहा और ग्रामीण डर के कारण मदद के लिए आगे नहीं आ सके। घटना के बाद गांव में ऐसा माहौल बन गया कि लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी डरते रहे। आखिरकार गांव किनारे मौजूद एक ग्रामीण ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी रामखेलावन पटेल मौके से फरार हो चुका था। बाद में गंभीर रूप से घायल बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बहू जिंदगी और मौत से जूझती रही।

खर्च और देखभाल के विवाद ने ली खूनी शक्ल

बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर गांव निवासी 75 वर्षीय रामखेलावन पटेल के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा अवनीश पटेल बिंदकी कस्बे में एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था और अपनी पत्नी मनीषा के साथ परिवार के दूसरे हिस्से में रहता था। छोटा बेटा राजू कानपुर में नौकरी करता है। बताया गया कि कुछ दिन पहले रामखेलावन की पत्नी मिथलेश का पैर फ्रैक्चर हो गया था। इसके बाद परिवार में उनकी देखभाल और इलाज के खर्च को लेकर तनाव बढ़ने लगा था। बुधवार सुबह इसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच कहासुनी हो गई।

फतेहपुर में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, दो दिन पहले बहन की हुई थी शादी, अब भाई की हत्या से पसरा मातम

धक्का लगने के बाद पिता ने उठाई बंदूक

कहासुनी के दौरान रामखेलावन ने बहू पर हाथ उठाने की कोशिश की। बीच बचाव करने पहुंचे अवनीश ने पिता को धक्का दे दिया। इसके बाद मामला और ज्यादा बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि खुद को अपमानित महसूस करने के बाद रामखेलावन कमरे में गया और अपनी लाइसेंसी दुनाली बंदूक लेकर बाहर आ गया। घर के दरवाजे पर खड़े अवनीश पर उसने गोली चला दी। गोली अवनीश के हाथ और पंजे में लगी।इसके बाद आरोपी ने दूसरी गोली अपनी बहू मनीषा पर चला दी, जो उसके पेट में जा लगी। अचानक दो गोलियां चलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

40 मिनट तक तड़पते रहे घायल

गोली लगने के बाद अवनीश जान बचाने के लिए घर से बाहर भागा, लेकिन कुछ दूरी पर ही गिर पड़ा। इस दौरान आरोपी पिता बंदूक लेकर उसके पीछे-पीछे चलता रहा। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों घायल घर के दरवाजे के पास करीब 40 मिनट तक दर्द से तड़पते रहे। लेकिन आरोपी के हाथ में बंदूक देखकर कोई भी ग्रामीण तुरंत मदद के लिए आगे नहीं बढ़ सका। आखिरकार गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी रामखेलावन वहां से फरार हो चुका था।

कपड़े बदलकर साइकिल से भाग गया आरोपी

वारदात के बाद रामखेलावन घर के अंदर गया और कपड़े बदल लिए। इसके बाद वह साइकिल लेकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने उसे हरीखेड़ा शराब की दुकान के पास जाते हुए देखने की बात कही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सीओ गौरव शर्मा मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी दुनाली बंदूक बरामद कर ली है और आरोपी की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है।

फतेहपुर में खौफनाक गोलीकांड: कलयुगी बाप ने बेटे और बहू पर बरसाईं अंधाधुंध गोलियां, जानिये परिवार पर क्यों बरपा कहर

अस्पताल पहुंचने में देरी

ग्रामीणों का आरोप है कि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाना पड़ा। हालत गंभीर होने पर दोनों को कानपुर रेफर किया गया। कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में इलाज के दौरान ज्यादा खून बहने से अवनीश पटेल की मौत हो गई। वहीं डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर मनीषा के पेट से गोली बाहर निकाल दी। उसकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।

सुरक्षा के लिए मिली बंदूक बनी मौत की वजह

ग्रामीणों के मुताबिक करीब चार दशक पहले रामखेलावन के परिवार के साथ डकैती की घटना हुई थी। इस घटना में उनके पिता की हत्या कर दी गई थी। परिवार की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने उन्हें लाइसेंसी दुनाली बंदूक दी थी। लेकिन वही हथियार अब उनके अपने परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ। जिस बंदूक को सुरक्षा का सहारा माना गया था, उसी से परिवार का एक सदस्य दुनिया से चला गया।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रामखेलावन ने बेटे और बहू पर फायर किया है। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जबकि आरोपी बंदूक छोड़कर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है। साथ ही लाइसेंसी बंदूक के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए भी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Fatehpur

Published :  25 June 2026, 8:58 AM IST

Advertisement