UP Breaking News Live: उत्तर प्रदेश की हर बड़ी घटना पर नजर, पढ़ें राजनीति, क्राइम और मौसम की सभी अपडेट्स एक क्लिक में

देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डाइनामाइट न्यूज़ ने उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चहेता चैनल बनने का मुकाम हासिल किया है। इस खास उपल्ब्धि के मौके पर डाइनामाइट न्यूज़ उत्तर प्रदेश वासियों को खबरों का नया अनुभव देने जा रहे हैं। अब आपको उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी खबरें केवल एक खबर में एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। पढें यूपी की सभी खबरों को साथ यहां एक्सक्लूसिव लाइव ब्लॉग में...

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 25 June 2026 , 5:56 PM
google-preferred

Lucknow/New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।

इस लाइव ब्लॉग में आपको उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना, राजनीतिक हलचल, अपराध, खेल और हर जरूरी घटनाक्रम पढ़ने को मिलेगा।

    The liveblog has ended.

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 25 Jun 2026 05:56 PM (IST)

      मिर्जापुर में बीपी सिंह को भारत रत्न देने की उठी मांग

      मिर्जापुर में पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह (बीपी सिंह) की जयंती पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बीपी सिंह सामाजिक मंच के तहत बुद्धिजीवी, छात्र, अधिवक्ता और विभिन्न समाजों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा गया, जिसमें बीपी सिंह को भारत रत्न देने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि ओबीसी आरक्षण और भूदान आंदोलन में उनके योगदान का सही मूल्यांकन नहीं हुआ है, इसलिए उन्हें देश का सर्वोच्च सम्मान मिलना चाहिए।

    • 25 Jun 2026 03:52 PM (IST)

      एआईएमआईएम के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया ज्ञापन

      Bareilly: बरेली के बहेड़ी में एआईएमआईएम नेता एवं चेयरमैन पद प्रत्याशी मोहम्मद शादाब एसके के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नाजिया इलाही खान पर इस्लाम धर्म की सम्मानित हस्तियों, विशेषकर हजरत मोहम्मद साहब और हजरत आयशा सिद्दीका के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन बयानों से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। ज्ञापन में उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की गई है।

    • 25 Jun 2026 03:16 PM (IST)

      UP Live Update: सीएम योगी का देवरिया दौरा कल, 106 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात**

      उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 जून को देवरिया जिले के बराव नेतवार गांव पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर जिले को 106 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वह कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के साथ ही विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों की टीम लगातार मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले रही है। सीएम योगी जनसभा के माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी देंगे। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं।

    • 25 Jun 2026 03:14 PM (IST)

      Sultanpur Live Update: सुल्तानपुर में रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

      सुल्तानपुर में रेलवे ट्रैक पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना शिव नगर रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है। सुबह स्थानीय लोगों ने ट्रैक पर शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की कोशिश शुरू कर दी है।

    • 25 Jun 2026 02:32 PM (IST)

      Sitapur Live Update: सीतापुर में खाई में मिले दो दोस्तों के शव

      सीतापुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। सिधौली थाना क्षेत्र के मनिकापुर चौराहे के पास सड़क किनारे खाई में दोनों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त बाइक से जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों शव पूरी रात खाई में पड़े रहे। सुबह राहगीरों ने बाइक और शवों को देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और हादसे की जांच की जा रही है।

    • 25 Jun 2026 02:30 PM (IST)

      Hamirpur Live Update: हमीरपुर में डिलीवरी के बाद महिला की मौत

      हमीरपुर के मौदहा इलाके में एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गलत ब्लड चढ़ाने का गंभीर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि मृतका महोबा जिले के खन्ना क्षेत्र की रहने वाली थी। महिला की डिलीवरी के बाद हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान गलत ब्लड चढ़ाए जाने से महिला की जान चली गई। मामला मौदहा क्षेत्र के सन लाइफ हॉस्पिटल का बताया जा रहा है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहे हैं, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    • 25 Jun 2026 01:57 PM (IST)

      Badaun Live Update: बदायूं में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से जीजा की मौत

      बदायूं जिले में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवार जीजा-साले को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जीजा की मौत हो गई, जबकि साला गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के मुताबिक बिल्सी थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव निवासी 30 वर्षीय खुर्शीद उर्फ शाने आलम अपने साले सरताज निवासी रिसौली के साथ बाइक से कादरचौक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कादरचौक थाना क्षेत्र के उझानी-कादरचौक रोड पर खिरिया बाकरपुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी।

    • 25 Jun 2026 01:55 PM (IST)

      Fatehpur Live Update: फतेहपुर में जमीन पर दोबारा कब्जे की कोशिश का आरोप

      उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से जमीन विवाद का एक मामला सामने आया है। गाजीपुर थाना क्षेत्र के धनसिंहपुर गांव निवासी अमरनाथ ने जिला अधिकारी को शिकायती पत्र देकर दबंगों पर जमीन कब्जाने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि उसकी जमीन की विधिवत हदबंदी कराई गई थी और राजस्व टीम ने सीमा चिन्ह के रूप में पत्थर भी लगवाए थे। आरोप है कि अब विपक्षी उन पत्थरों को उखाड़कर दोबारा जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। अमरनाथ ने बताया कि मामले की शिकायत वह कई बार स्थानीय पुलिस और अधिकारियों से कर चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

    • 25 Jun 2026 01:49 PM (IST)

      UP Live Update: मोहर्रम से पहले राजा भैया हाउस अरेस्ट

      प्रतापगढ़ के कुंडा में मोहर्रम के दौरान शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) को उनके पिता राजा उदय प्रताप सिंह और 13 समर्थकों के साथ हाउस अरेस्ट (नजरबंद) किया गया है। प्रशासन ने यह कदम भदरी कोठी के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर एहतियात के तौर पर उठाया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुंडा के शेखपुर में वर्ष 2012 में एक बंदर की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क किनारे हनुमान मंदिर का निर्माण किया था।

      बताया जा रहा है कि राजा उदय प्रताप सिंह हर वर्ष मोहर्रम के दिन इसी मंदिर में हनुमान पाठ और भंडारे का आयोजन करते हैं। पिछले वर्षों में जुलूस और भंडारे के एक साथ होने से तनाव की स्थिति बन चुकी है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नजरबंदी की कार्रवाई की है।

    • 25 Jun 2026 01:42 PM (IST)

      UP Live Update: रायबरेली में विवाहिता का संदिग्ध हालत में शव मिलने से हड़कंप

      रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सोहाईबाग में एक विवाहिता का शव संदिग्ध हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटकता हुआ मिला, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ कुछ गलत हुआ है।

    • 25 Jun 2026 01:41 PM (IST)

      Noida Live Update: नोएडा में हज यात्रा के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार

      नोएडा में हज यात्रा के नाम पर लोगों की आस्था से खिलवाड़ कर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तस्लीम साद के रूप में हुई है, जो बीटेक पास बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सस्ते हज पैकेज का झांसा देकर देशभर के लोगों से लाखों रुपये ठगता था। आरोपी को ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी से गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि तस्लीम ने शोहेब के साथ मिलकर तोहिद उमरा कंपनी बनाई थी और इसी के जरिए लोगों को हज यात्रा कराने का भरोसा देकर पैसे लिए जाते थे। पुलिस की जांच में अब तक करीब 46 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है। आरोपी के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 9 मुकदमे दर्ज हैं।

    • 25 Jun 2026 12:44 PM (IST)

      Chandauli Live Update: चंदौली में सनसनीखेज वारदात

      चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इलाके में बढ़ते अपराध के बीच महेवा गांव के समीप पुराने लंका रोड पर गंगा नहर से एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि युवक की गला रेतकर हत्या करने के बाद शव को नहर में फेंका गया था। सुबह टहलने निकले लोगों ने नहर में शव देखा तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही ASP, CO समेत भारी पुलिस फोर्स और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    • 25 Jun 2026 11:49 AM (IST)

      डिजिटल गिरफ्तारी और घोटालों पर CBI का बड़ा एक्शन

      डिजिटल गिरफ्तारी और बड़े घोटालों से जुड़े मामलों में CBI ने देशभर में बड़ा अभियान चलाया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने 16 राज्यों के 80 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। इस कार्रवाई के लिए CBI की 60 विशेष टीमें मैदान में उतारी गई हैं। CBI की रेड गुजरात, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में चल रही है। जांच एजेंसी ने अब तक इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक गिरफ्तारी कोलकाता और दूसरी चेन्नई से की गई है। अधिकारियों के मुताबिक डिजिटल फ्रॉड और अन्य घोटालों से जुड़े नेटवर्क की जांच के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में आगे भी कई खुलासे होने की संभावना है।

    • 25 Jun 2026 11:17 AM (IST)

      Hamirpur Live Update: हमीरपुर में युवक की आत्महत्या मामले में 13 लोगों पर FIR

      हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र के ककरउ गांव में युवक दीपू की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि दीपू पड़ोसियों की कथित प्रताड़ना से परेशान था, जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने अपनी परेशानी का जिक्र किया था।मामले में FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    • 25 Jun 2026 11:16 AM (IST)

      Sambhal Live Update: संभल की राइस मिल में दर्दनाक हादसा

      संभल के बहजोई कोतवाली क्षेत्र के ईसमपुर स्थित SR राइस मिल में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मक्का सुखाने वाले टैंक में दो मजदूरों की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस बनने से दोनों मजदूरों का दम घुट गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा कैसे हुआ और टैंक में गैस बनने की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है।

    • 25 Jun 2026 10:27 AM (IST)

      Aligarh Live Update: अलीगंज अग्निकांड के बाद यूपी में बड़ा अभियान

      लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश में कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा अभियान चलाया गया है। जांच में बिना सुरक्षा मानकों के संचालित कई कोचिंग संस्थान पाए गए, जिसके बाद अलग-अलग जिलों में सीलिंग की कार्रवाई की गई। बिजनौर के नगीना में जांच टीम ने लाइब्रेरी संचालक से पूछा कि अगर आग लग जाए तो बचाव के लिए क्या करेंगे, जिस पर संचालक ने जवाब दिया कि खिड़की से कूद जाएंगे। इसके बाद लाइब्रेरी को सील कर दिया गया।

      अलीगढ़ में 15 कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई हुई, जबकि 11 संचालक टीम को देखकर ताला लगाकर भाग निकले। मेरठ में 10, बागपत में 32, मुजफ्फरनगर में 10 और मुरादाबाद में 13 कोचिंग संस्थान सील किए गए हैं। वहीं प्रयागराज में 10 संस्थानों को नोटिस जारी किया गया है। देवरिया में 3 और काशी में 35 कोचिंग सेंटरों पर भी कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

    • 25 Jun 2026 10:25 AM (IST)

      Agra Live Update: आगरा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़

      आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने फायरिंग कांड में वांछित चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर जिमी चौधरी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से सुनील राठौर और दिनेश शर्मा को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक 21 जून को गौरव राठौर पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। अब पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

    • 25 Jun 2026 10:24 AM (IST)

      Banda Live Update: बांदा में 333 करोड़ के अनुबंध में 13.34 करोड़ की स्टांप चोरी का खुलासा

      बांदा में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के टोल अनुबंध में करोड़ों रुपये की स्टांप चोरी का मामला सामने आया है। निबंधन विभाग की जांच में 333.65 करोड़ रुपये के अनुबंध पर करीब 13.34 करोड़ रुपये का स्टांप शुल्क बकाया पाया गया है। आरोप है कि इतने बड़े अनुबंध के लिए नियमों के अनुसार स्टांप शुल्क जमा करने के बजाय सिर्फ 100 रुपये के स्टांप पेपर का इस्तेमाल किया गया। मामला यूपीडा और मेसर्स दातार के बीच हुए अनुबंध से जुड़ा बताया जा रहा है। निबंधन विभाग ने मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अब AIG निबंधन की अदालत में स्टांप चोरी को लेकर वाद चल रहा है। विभाग के अनुसार मेसर्स दातार से नियमानुसार 13.34 करोड़ रुपये के स्टांप शुल्क की वसूली की जाएगी।

       

    • 25 Jun 2026 09:26 AM (IST)

      Etawah Live Update: इटावा में चलती बाइक बनी आग का गोला

      इटावा में एक चलती बाइक में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सड़क पर दौड़ती बाइक आग की लपटों से घिरी नजर आ रही है। बाइक सवार युवक ने जैसे ही आग लगने की जानकारी हुई, उसने तुरंत बाइक रोकी और उसे छोड़कर दूर भाग गया। गनीमत रही कि हादसे में युवक बाल-बाल बच गया। कुछ ही देर में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    • 25 Jun 2026 09:15 AM (IST)

      Greater Noida Live Update: ग्रेटर नोएडा में कर्मचारियों का धरना खत्म कराने पहुंची पुलिस

      ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में आउटसोर्स कर्मचारियों का 10 दिन से चल रहा धरना प्रदर्शन पुलिस की कार्रवाई के बाद खत्म हो गया। कर्मचारी अपनी सेवाओं को स्थायी करने की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में धरने पर बैठे थे। आरोप है कि पुलिस ने कर्मचारियों को जबरन धरने से उठाया और लाठीचार्ज किया, जिसमें कई कर्मचारी घायल हो गए। वहीं पुलिस ने लाठीचार्ज के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि धरने के कारण अस्पताल की सेवाएं प्रभावित हो रही थीं, जिसके चलते कर्मचारियों से दूसरी जगह प्रदर्शन करने का अनुरोध किया गया था। मामले के बाद कर्मचारियों में नाराजगी बनी हुई है।

    • 25 Jun 2026 09:13 AM (IST)

      Bareilly Live Updates: बरेली में नौकरी के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरफ्तार

      बरेली में बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उमेश और अनिल नाम के दोनों ठग आर्मी बेस वर्कशॉप में नौकरी लगवाने और होमगार्ड भर्ती कराने का सपना दिखाकर लोगों से लाखों रुपये ऐंठते थे। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने कई बेरोजगारों से करोड़ों रुपये की ठगी की है। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और पांच फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी फरीदपुर थाना क्षेत्र के केरुआ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस अब ठगी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जांच कर रही है।

    • 25 Jun 2026 08:57 AM (IST)

      Fatehpur Live Update: बेटे-बहू को गोली मारने के बाद आधे घंटे तक बंदूक लेकर घूमता रहा पिता

      फतेहपुर जिले के सीतापुर गांव में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। एक पिता ने अपने ही बेटे और बहू पर लाइसेंसी दुनाली बंदूक से गोलियां चला दीं। वारदात के बाद आरोपी पिता करीब आधे घंटे तक हथियार लेकर घर में घूमता रहा और ग्रामीण डर के कारण मदद के लिए आगे नहीं आ सके। घटना के बाद गांव में ऐसा माहौल बन गया कि लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी डरते रहे। आखिरकार गांव किनारे मौजूद एक ग्रामीण ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी रामखेलावन पटेल मौके से फरार हो चुका था। बाद में गंभीर रूप से घायल बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बहू जिंदगी और मौत से जूझती रही।

    • 25 Jun 2026 08:47 AM (IST)

      Sonbhadra Live Update: सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा

      सोनभद्र में स्टेट हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा के पास तेज रफ्तार DJ वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि DJ वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में वाहन सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

    • 25 Jun 2026 08:45 AM (IST)

      UP News Update: देवरिया में भाजपा नेता राधेश्याम शुक्ला जिला बदर

      देवरिया में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता राधेश्याम शुक्ला के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की है। अपर जिला मजिस्ट्रेट (वि/रा) देवरिया के आदेश के बाद राधेश्याम शुक्ला निवासी मेहड़ा पुरवा, थाना कोतवाली को गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत छह माह के लिए जिले की सीमा से निष्कासित कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार राधेश्याम शुक्ला का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कोतवाली समेत अलग-अलग थानों में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि उसकी गतिविधियों से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था।

    • 25 Jun 2026 08:42 AM (IST)

      Hamirpur Live Update: हमीरपुर में पड़ोसियों से परेशान युवक ने खाया जहर

      हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र के ककरऊ गांव में एक युवक ने पड़ोसियों की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवक ने एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने अपनी परेशानी का जिक्र किया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Lucknow/New Delhi

Published :  25 June 2026, 8:39 AM IST

Related News

Advertisement