Budaun: कपड़ा चोरी के शक में महिला पर जुल्म, घर में घुसकर दबंगों ने की बेरहमी से पिटाई

बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र में कपड़ा चोरी के शक में दबंगों द्वारा एक महिला के घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस जांच में जुटी है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 24 June 2026, 7:31 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के अलापुर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। अलापुर कस्बे के वार्ड नंबर 10, मोहल्ला सीलमपुर में कपड़ा चोरी के मामूली शक में दबंगों ने एक महिला के घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट की। 

पीड़िता की पहचान 25 वर्षीय ईलमा पत्नी अजहरुद्दीन के रूप में हुई है। आरोप है कि 4-5 दबंगों ने घर में घुसकर महिला को लात-घूंसों और डंडों से जमकर पीटा। मारपीट इतनी बर्बर थी कि महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं और हालत बिगड़ गई। 

परिजनों ने थाने में दी तहरीर

घटना के बाद घायल ईलमा के परिजन उसे लेकर अलापुर थाने पहुंचे और शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि दबंगों ने बिना किसी सबूत के कपड़ा चोरी का इल्जाम लगाकर घर में घुसकर हमला किया। 

जिला अस्पताल में भर्ती, मेडिकल जारी

पुलिस ने तत्काल घायल महिला को मेडिकल परीक्षण और इलाज के लिए बदायूं जिला अस्पताल भिजवाया। फिलहाल ईलमा का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक शरीर पर कई जगह गहरी चोटें हैं और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है।

पुलिस का बयान

अलापुर थाना पुलिस का कहना है कि घायल महिला थाने आई थी, जिसे मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच-पड़ताल कर रही है। थाना प्रभारी ने कहा, "जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है।"

इलाके में आक्रोश

इस घटना के बाद मोहल्ले में दहशत के साथ-साथ आक्रोश भी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शक के आधार पर घर में घुसकर महिला से मारपीट करना बेहद शर्मनाक है। लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। 

Location :  Budaun

Published :  24 June 2026, 7:31 PM IST

Advertisement