पुरानी रंजिश में किसान को दबंगों ने पीटा, वायरल वीडियो से हड़कंप, पुलिस ने दर्ज किया केस

मैनपुरी के फतेहपुर गांव में दबंगों ने किसान विजेंद्र को पुरानी रंजिश में बुरी तरह पीटा। मारपीट की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन की तलाश जारी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 22 September 2025, 2:02 PM IST
google-preferred

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद के दन्नाहार थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक किसान के साथ पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने बेरहमी से मारपीट की। यह पूरी घटना गांव में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानें पूरा मामला

घटना 20 सितंबर 2025 की रात करीब 10 बजे की है। गांव निवासी विजेंद्र की पत्नी रूबी की भैंस अचानक खूंटे से छूट गई थी। जब भैंस नजर नहीं आई, तो विजेंद्र उसे तलाशने के लिए घर से बाहर निकले। लेकिन गांव में ही कुछ दबंग, जो पहले से ही उनके साथ रंजिश रखते थे, उन्हें रास्ते में रोक लिया।

किसान को दबंगों ने पीटा

पुरानी रंजिश का बदला

जैसे ही विजेंद्र गांव की गलियों में भैंस तलाशते हुए निकले, दबंगों ने उन्हें रोका और गाली-गलौज करने लगे। विजेंद्र ने जब इसका विरोध किया, तो दबंगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि विजेंद्र लहूलुहान हो गए।

CCTV फुटेज बना सबूत

गांव के एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। जैसे ही फुटेज सामने आया, यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग विजेंद्र पर हमला कर रहे हैं और वह खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के बाद परिजन घायल विजेंद्र को तत्काल मैनपुरी के जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, विजेंद्र के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन स्थिति अब स्थिर है।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही दन्नाहार थाना पुलिस हरकत में आई और तत्काल एफआईआर दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने स्वयं इस घटना पर बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित सिर्फ अपनी भैंस खोजने गया था, लेकिन गांव के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश में उसे पीट दिया। मामला दर्ज कर लिया गया है और एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्य तीन की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Location :