हिंदी
रामनगर में बुज़ुर्ग ने खुद को मारी गोली
Nainital: रामनगर के ग्राम उमेदपुर से शनिवार को एक बेहद दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई है। 78 वर्षीय बुज़ुर्ग ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
वारदात रामनगर के ग्राम उमेदपुर में शनिवार को हुई। खुद को गोली मारने वाले बुजुर्ग की पहचान रक्सपाल सिंह पूरेवाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 78 वर्षीय बुज़ुर्ग ने कथित तौर पर अपने ही लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक रक्सपाल सिंह अपनी पत्नी के साथ उमेदपुर में रहते थे। उनके दो बेटे हैं, जो विदेश में रहते हैं। एक बेटा कनाडा और दूसरा अमेरिका में काम करता है। घर की देखरेख और देखभाल के लिए एक युवक उनके यहां काम करता था।
मौके पर जांच करती पुलिस
घर में काम करने वाले सुभाष ने बताया कि वह सुबह घर के आंगन में एक पेड़ की लोपिंग कर रहा था। पास ही ताई जी यानी मृतक की पत्नी बैठी थीं। तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई। वह तुरंत घर के अंदर दौड़ा, जहां देखा कि रक्सपाल सिंह ने खुद को गोली मार ली थी।
इसके बाद उसने शोर मचाया और पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसी परमजोत सिंह ने बताया कि रक्सपाल सिंह कुछ समय से डिप्रेशन की दवाएं ले रहे थे। उन्होंने अपने ही लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पुलिस को आज सुबह सूचना मिली थी कि उमेदपुर निवासी रक्सपाल सिंह ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलाकर आत्मघाती कदम उठाया है, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम (FSL) को मौके पर बुलाया गया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे की असली वजह क्या थी, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
Location : Ramnagar
Published : 6 December 2025, 5:31 PM IST