Deoria: पुलिस ने घेरा तो बदमाश ने चला दी गोली! जवाबी फायरिंग में 25 हजार का इनामी पशु तस्कर घायल, तमंचा बरामद

देवरिया के लार क्षेत्र में पुलिस और पशु तस्कर के बीच मुठभेड़ हुई। 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अजहर अंसारी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 7 August 2026, 10:01 AM IST
google-preferred

Deoria: जिले में अपराधियों और पशु तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान लार और भाटपाररानी पुलिस की संयुक्त टीम की एक इनामी आरोपी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घिरने के बाद टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

चेकिंग के दौरान भागने लगा संदिग्ध

पुलिस के अनुसार, भाटपाररानी थाने की पुलिस चनुकी मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू किया और इसकी सूचना थाना लार पुलिस को दी।

खरवनिया मोड़ पर पुलिस ने घेरा

सूचना मिलने के बाद लार पुलिस ने खरवनिया मोड़ पर घेराबंदी कर दी। पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। इसी दौरान मोटरसाइकिल फिसल गई और वह सड़क पर गिर गया।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में हिरासत में लिया और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचाया।

Bareilly: रात में तीन युवकों की अचानक बिगड़ी तबीयत, सुबह एक की मौत… नशे के कारोबार पर उठे गंभीर सवाल

25 हजार का इनामी निकला आरोपी

पूछताछ में आरोपी की पहचान अजहर अंसारी (31) पुत्र अहमद अंसारी, निवासी मटियरा जगदीश, थाना लार के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, वह 25 हजार रुपये का इनामी और भाटपाररानी थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित था।

US-Iran Conflict: ‘युद्ध के मुहाने से शांति की राह!’ क्या थमने वाली है अमेरिका-ईरान की जंग? ट्रंप के दावों से हलचल तेज

तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में लार थाने पर धारा 109(1) BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

आठ गोवंश को ले जाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को चनुकी पुल के रास्ते पिकअप में आठ गोवंश को कथित रूप से वध के लिए बिहार ले जाने के मामले में भाटपाररानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में अजहर अंसारी वांछित चल रहा था। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Location :  Deoria

Published :  7 August 2026, 10:01 AM IST

Advertisement