हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
New Delhi: दिल्ली में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों के बीच मुखर्जी नगर इलाके से दो छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि सफारी कार सवार युवकों ने रात में हिंदू कॉलेज की दो छात्राओं को रास्ते में रोककर अश्लील टिप्पणियां कीं। विरोध करने पर उन्हें जबरन कार में बैठाने की कोशिश की गई। घटना के बाद छात्राएं शिकायत लेकर थाने पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि उन्हें क्षेत्राधिकार का हवाला देकर अलग-अलग थानों के चक्कर लगाने पड़े।
पीड़िता के मुताबिक, वह हिंदू कॉलेज में स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष की छात्रा है। 23 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी सहेली के साथ हकीकत पार्क के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान सफारी कार में सवार कुछ युवक उनके पास पहुंचे और कथित तौर पर अश्लील टिप्पणियां करने लगे। छात्राओं ने इसका विरोध किया और पुलिस से शिकायत करने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद युवक गाली-गलौज करने लगे और उन्हें जबरन कार में बैठाने की कोशिश की।
घटना से घबराई छात्राओं में से एक की सहेली ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि वीडियो बनता देखकर कार सवार युवक वहां से फरार हो गए। इसके बाद छात्राएं शिकायत लेकर मौरिस नगर थाने पहुंचीं। छात्राओं का आरोप है कि वहां उनकी शिकायत दर्ज करने के बजाय उन्हें क्षेत्राधिकार का हवाला देकर दूसरे थाने भेज दिया गया।
पीड़िताओं के मुताबिक, मौरिस नगर के बाद वे मॉडल टाउन पहुंचीं। आरोप है कि वहां भी तत्काल शिकायत दर्ज नहीं की गई और उन्हें मुखर्जी नगर थाने जाने को कहा गया। छात्राओं का दावा है कि तीन थानों के चक्कर लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने थाने के बाहर वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
छात्राओं के मुताबिक, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद देर रात मुखर्जी नगर थाने में उनकी शिकायत दर्ज की गई। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
UP Police Transffer: गोरखपुर पुलिस विभाग में फेरबदल, इन पुलिसकर्मी में मिली नई तैनाती
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि कार के नंबर के आधार पर सफारी कार चालक की पहचान नमन चौधरी के रूप में हुई है। अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
हकीकत पार्क और मुखर्जी नगर के आसपास बड़ी संख्या में कॉलेज विद्यार्थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र रहते हैं। ऐसे इलाके में देर रात छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और उन्हें कार में बैठाने की कोशिश के मामले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Location : New Delhi
Published : 25 September 2026, 8:02 AM IST