बदायूं में खामोशी तोड़ती एक वारदात, बुजुर्ग महिला की मौत ने खड़े किए कई सवाल; जानिये क्या है मामला

बदायूं के सहसवान में 60 वर्षीय दिव्यांग महिला जावित्री की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। शव नग्न अवस्था में मिला, जिससे रेप के बाद हत्या की आशंका है। पुलिस ने आरोपी भोला को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 1 February 2026, 12:05 PM IST

Budaun: जनपद बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कस्बा सहसवान के मोहल्ला जहांगीराबाद निवासी 60 वर्षीय जावित्री पत्नी गोकरनी की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। महिला का शव काशीराम कॉलोनी स्थित उसके क्वार्टर में नग्न अवस्था में मिला, जिससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पैरों से दिव्यांग थी मृतका

मृतका जावित्री पैरों से दिव्यांग थी। मायावती शासनकाल में उसे सहसवान की काशीराम कॉलोनी में एक सरकारी क्वार्टर आवंटित हुआ था, जहां वह अपने छोटे बेटे सौदान के साथ रह रही थी। उसका बड़ा बेटा हरिओम अपने परिवार के साथ मोहल्ला जहांगीराबाद स्थित पुराने मकान में रहता था।

नुमाइश में काम करते थे दोनों बेटे

जावित्री के दोनों बेटे नुमाइशों में लगने वाली सॉफ्टी की दुकानों पर काम करते थे। घटना के समय छोटा बेटा सौदान नुमाइश के सिलसिले में अलीगढ़ गया हुआ था। इसी दौरान यह खौफनाक वारदात अंजाम दी गई।

चार-पांच महीने से साथ रह रहा था युवक भोला

परिजनों के अनुसार, काशीराम कॉलोनी के उसी क्वार्टर में दहगवां निवासी भोला नामक युवक पिछले चार-पांच महीनों से जावित्री और उसके बेटे के साथ रह रहा था। भोला सौदान का साथी बताया जा रहा है। घटना के बाद भोला ही पुलिस की जांच के केंद्र में आ गया।

बदायूं में खूनी जंग: मामूली विवाद में चली कुल्हाड़ी, पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन

सूचना मिलते ही दौड़े परिजन

शुक्रवार दोपहर कॉलोनी के लोगों ने जावित्री के बड़े बेटे हरिओम को फोन कर सूचना दी कि उसकी मां की हत्या हो गई है। खबर मिलते ही हरिओम अपने परिवार के साथ काशीराम कॉलोनी पहुंचा। वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।

हत्या से दहला सहसवान

चाकू से गोदकर की गई नृशंस हत्या

परिजनों के अनुसार, जावित्री के शरीर पर कई जगह चाकू से वार किए गए थे। उसके हाथों की उंगलियां भी कटी हुई थीं। कपड़े फटे हुए थे और शव नग्न अवस्था में पड़ा था, जिससे घटना की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही सहसवान कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। निरीक्षण के दौरान आरोपी भोला कॉलोनी में ही शराब के नशे में पड़ा मिला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

वाराणसी से बदायूं तक गुस्से की लहर, अहिल्याबाई होलकर की मूर्ति तोड़ने पर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

रेप के बाद हत्या की आशंका

परिजनों ने पुलिस के सामने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

कॉलोनी में दहशत का माहौल

इस जघन्य हत्या के बाद काशीराम कॉलोनी और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। लोग सहमे हुए हैं और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है।

Location : 
  • Budaun

Published : 
  • 1 February 2026, 12:05 PM IST