हिंदी
यूजीसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
Maharajganj: कोल्हुई कस्बे में रविवार को यूजीसी द्वारा 13 जनवरी 2026 को अधिसूचित नए नियमों के विरोध में दर्जनों युवाओं और लोगों ने रैली निकाली। यह प्रदर्शन देशभर में फैले विरोध का हिस्सा है, जहां UGC के 'प्रमोशन ऑफ इक्विटी इन हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस रेगुलेशंस, 2026' को लेकर सामान्य वर्ग के लोग आक्रोशित हैं।
रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और नियमों को तत्काल वापस लेने की मांग की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिसमें सीओ बसंत और थानाध्यक्ष अखिलेश सहित दर्जनों पुलिसकर्मी मौजूद थे। एडिशनल एसपी सिद्धार्थ के मौके पर पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध समाप्त किया।
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने एडिशनल एसपी एवं एडीएम को राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि 13 जनवरी 2026 को अधिसूचित यूजीसी नियमों को तत्काल वापस लिया जाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ये नए नियम समाज में विभाजन पैदा कर रहे हैं और वर्ग भेद को बढ़ावा दे रहे हैं। सर्वण समाज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में ऐसे नियम सामाजिक समरसता को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।
विरोधियों ने आरोप लगाया कि यूजीसी के ये नियम संवैधानिक रूप से समानता के अधिकार, भेदभाव से मुक्ति और सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकार को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से अपील की कि संवैधानिक प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए इन नियमों को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।यह प्रदर्शन UGC नियमों के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का हिस्सा है, जहां सामान्य वर्ग के लोग इसे भेदभावपूर्ण मान रहे हैं, जबकि नियम मूल रूप से उच्च शिक्षा में जातिगत भेदभाव रोकने के लिए लाए गए हैं।
प्रदर्शन करने वालों में राम कृष्ण त्रिपाठी,अभय प्रताप राय, अम्बिका पाण्डेय,राहुल तिवारी,शिवेंद्र मिश्रा,उपेंद्र शर्मा,शुभराज सिंह, कार्तिकेय सिंह,अभिनव शुक्ला,सूरज पांडेय समेत दर्जनों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 1 February 2026, 2:41 PM IST
Topics : Kolhui Maharajganj protest UGC UP News