हिंदी
पत्नी और बच्ची के सामने युवक की पिटाई (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में नवादा पुलिस चौकी के ठीक पास बीती रात कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को घेरकर जमकर लात-घूंसों से पीटा। मारपीट के दौरान व्यक्ति जमीन पर गिर गया, इसके बाद भी हमलावर नहीं रुके और उसे लगातार पीटते रहे।
इस दौरान उसके साथ मौजूद महिला बीच-बचाव के लिए आगे आई तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। महिला की गोद में करीब दो साल की बच्ची थी, जो पूरे घटनाक्रम के दौरान डरकर चीखती रही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो की समय और तारीख की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि रात के समय नवादा चौकी के पास सड़क किनारे कुछ लोग एक युवक को घेर लेते हैं। कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो जाती है। युवक बचने के लिए जमीन पर गिर जाता है, लेकिन हमलावर उसे लातों और घूंसों से मारते रहते हैं।
ये भी पढ़ें- ‘मेरा मासूम लौट आएगा…’ इस आस में बीते 17 दिन, फिर नदी में मिली लाश ने तोड़ी हर उम्मीद
इसी बीच एक महिला बच्चे को गोद में लेकर बीच-बचाव करने पहुंचती है। वह हमलावरों से रुकने की अपील करती दिख रही है, लेकिन भीड़ उसे धक्का देकर पीछे कर देती है। बच्ची की चीखें वीडियो में साफ सुनी जा सकती हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद लंबी दूरी की बसों में सवारियां बैठाने को लेकर हुआ है। नवादा पुलिस चौकी के पास रात में दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और आसपास के शहरों के लिए प्राइवेट बसें खड़ी होती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कुछ बसों का अवैध रूप से संचालन किया जा रहा है। सवारियां बैठाने को लेकर अलग-अलग बस संचालकों और उनके कर्मचारियों के बीच पहले से प्रतिस्पर्धा चल रही थी। इसी रंजिश के चलते कहासुनी मारपीट में बदल गई।
ये भी पढ़ें- शक की बुनियाद पर लखनऊ में एक साथ बिछी तीन लाशें, डबल मर्डर के बाद आरोपी ने किया सुसाइड; जानिए पूरी क्राइम मिस्ट्री
घटना सामने आने के बाद सिविल लाइंस पुलिस ने वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। नवादा चौकी क्षेत्र में इस तरह की मारपीट और अवैध बस संचालन की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बस स्टैंड को व्यवस्थित करने और अवैध संचालन पर रोक लगाने की मांग की है।
Location : Budaun
Published : 20 August 2026, 3:57 PM IST