“दो बहनों की शादी की जिम्मेदारी थी, लेकिन…”, सड़क हादसे ने 22 साल के सत्यम को छीन लिया, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बगहा में दोस्तों के साथ वाल्मीकिनगर घूमने निकले सत्यम की सड़क हादसे में मौत हो गई। कार पेड़ से टकराई और परिवार का इकलौता बेटा हमेशा के लिए चला गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 27 September 2026, 1:37 PM IST
google-preferred

Bagaha: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वाल्मीकिनगर-बगहा मुख्य मार्ग पर चमैनिया मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों ने किसी तरह युवक को कार से बाहर निकाला। इसके बाद डायल 112 की टीम उसे इलाज के लिए वाल्मीकिनगर एपीएचसी लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

दोस्तों के साथ घूमने निकला था सत्यम

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र के महुई गांव निवासी स्वर्गीय अमरनाथ द्विवेदी के बेटे सत्यम द्विवेदी उर्फ मौसम द्विवेदी के रूप में हुई है। रिश्तेदार और मौसेरे भाई सुमित मिश्रा के अनुसार, सत्यम अपने दोस्तों के साथ वाल्मीकिनगर घूमने जा रहा था। उसके कुछ दोस्त पहले ही वहां पहुंच चुके थे और सत्यम बाद में कार से उनके पास जाने के लिए निकला था।

ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़ रोडवेज बसों में फर्जी दिव्यांग कार्ड पर लगाम, अब ETM से बार कोड स्कैन होने पर ही मिलेगा मुफ्त सफर

बताया गया कि रास्ते में मौसम खराब था। चमैनिया मोड़ के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा भिड़ी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बाहर निकालने की कोशिश की। पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

पांच साल की उम्र में पिता को खोया

सत्यम की कहानी में यह हादसा परिवार के लिए दोहरी त्रासदी लेकर आया है। बताया गया कि जब वह महज पांच साल का था, तब उसके पिता अमरनाथ द्विवेदी की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।पिता के निधन के बाद परिवार ने मुश्किल हालात में सत्यम को बड़ा किया। आगे चलकर वह परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाने लगा। सत्यम गोरखपुर में बुलेट बाइक की एजेंसी में जूनियर मैनेजर के पद पर नौकरी करता था और अपनी कमाई से परिवार की मदद करता था।

वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। एक बहन की शादी हो चुकी थी, जबकि दो बहनों की शादी की जिम्मेदारी अभी बाकी थी। परिवार को उम्मीद थी कि सत्यम इन जिम्मेदारियों को पूरा करेगा, लेकिन अचानक हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

ये भी पढ़ें- “कलाई से कटा था बायां हाथ”, रामगंगा नहर किनारे अर्धनग्न शव मिलने से मचा हड़कंप; पहचान में जुटी पुलिस

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही वाल्मीकिनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार के मुताबिक, फिलहाल परिजनों की ओर से आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। सत्यम की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।

Location :  Bagaha

Published :  27 September 2026, 1:37 PM IST

Related News

Advertisement