“कलाई से कटा था बायां हाथ”, रामगंगा नहर किनारे अर्धनग्न शव मिलने से मचा हड़कंप; पहचान में जुटी पुलिस

कानपुर देहात में रामगंगा नहर किनारे एक अज्ञात पुरुष का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी फैल गई। कई दिनों तक पानी में पड़े रहने के कारण शव की हालत बेहद खराब थी, लेकिन एक बात ने पुलिस को भी जांच का रुख बदलने पर मजबूर किया।

Post Published By: MOHIT BATHAM KANPUR
Updated : 27 September 2026, 1:05 PM IST
google-preferred

Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के परसौरा गांव के सामने रामगंगा नहर किनारे एक अज्ञात पुरुष का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की शिनाख्त कराने के साथ ही पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर जांच में जुट गई है।

शव के कहीं से बह के आने की आशंका

जानकारी के अनुसार लगातार बारिश के कारण रामगंगा नहर में पानी का बहाव तेज है। आशंका जताई जा रही है कि शव कहीं से बहकर आया और किनारे पर लगे बबूल के पेड़ में फंस गया। रविवार को जब स्थानीय लोगों की नजर पेड़ में फंसे शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल रसूलाबाद पुलिस को सूचना दी।

ये भी पढ़ें- Hathras Double Murder: घर के अंदर लहूलुहान मिले दोनों शव, सादाबाद में रिटायर्ड फौजी और पत्नी की हत्या से मचा हड़कंप

क्षत-विक्षत हालत में मिला शव

मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव कई दिनों तक पानी में पड़े रहने के कारण काफी फूल चुका था और बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक का बायां हाथ कलाई के पास से कटा हुआ मिला। इस स्थिति को देखते हुए हत्या कर शव को नहर में फेंके जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

मृतक की नहीं हो सकी पहचान

शव की हालत अत्यधिक खराब होने के कारण खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें- कानपुर में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से चाचा-भतीजे की मौत, एक गंभीर; मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा

रसूलाबाद पुलिस का कहना है कि शव की पहचान कराने के लिए आसपास के जनपदों और थानों से भी संपर्क किया जा रहा है। साथ ही गुमशुदगी के मामलों का मिलान कराया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान होने के बाद मामले की सच्चाई सामने आ सके।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  27 September 2026, 1:05 PM IST

Related News

Advertisement