चाकू से हमला, 10 दिन इलाज और फिर मौत…कानपुर में रिश्तों का खौफनाक अंत

कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी पर अपने पति की चाकू से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। घायल पति मनीष गुप्ता की इलाज के दौरान 10 दिन बाद मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 16 June 2026, 3:41 PM IST
google-preferred

Kanpur: कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। बालाजी धाम अपार्टमेंट में रहने वाले कपूर व्यापारी के बेटे मनीष गुप्ता की उनकी पत्नी द्वारा किए गए चाकू हमले में मौत हो गई। मनीष का पिछले 10 दिनों से हैलट अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां मंगलवार तड़के उन्होंने दम तोड़ दिया।

नयागंज में करता था व्यापार

मनीष गुप्ता अपने पिता रामकिशोर गुप्ता के साथ नयागंज में कपूर का व्यापार करते थे। परिवार के अनुसार मनीष की शादी 30 जून 2017 को निहारिका से हुई थी। दंपती का एक छह साल का बेटा भी है, जिसका नाम विष्णु बताया गया है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दो साल से चल रहा था घरेलू विवाद

परिजनों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से घर में लगातार विवाद चल रहा था। विवाद की वजह पत्नी की किसी व्यक्ति से फोन पर बातचीत बताई जा रही है। पिता रामकिशोर गुप्ता के अनुसार, मनीष इस बातचीत का विरोध करता था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। परिवार का आरोप है कि इसी तनाव ने एक दिन हिंसक रूप ले लिया और 5 जून को विवाद के दौरान निहारिका ने मनीष पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

Kanpur Road Accident: कानपुर हाइवे पर गलत दिशा से काल बनकर आई वो रफ्तार… जिसने पल भर में उजाड़ दी एक पिता की दुनिया!

पेट में किए गए थे कई वार

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी पत्नी ने मनीष के पेट में चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल मनीष को परिजन तुरंत हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, लगातार 10 दिन तक चले इलाज के बाद मंगलवार सुबह करीब 4 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने पत्नी को किया गिरफ्तार

फीलखाना इंस्पेक्टर अभय सिंह ने बताया कि घटना के बाद आरोपी पत्नी निहारिका को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।

अब कानपुर के हर रूट पर दौड़ेगी मेट्रो? 7 नए कॉरिडोर का आया प्लान

मासूम बच्चे पर टूटा दुखों का पहाड़

इस घटना के बाद सबसे बड़ा असर छह साल के मासूम बेटे विष्णु पर पड़ा है, जिसने अपने पिता को खो दिया है। परिवार और आसपास के लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और शोक दोनों है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Kanpur

Published :  16 June 2026, 3:41 PM IST

Advertisement