“अब मुझे तलाक चाहिए”: पत्नी के मुंह से निकला ये शब्द और सनकी पति ने सीने में घोंप दी छुरी, 2 मासूमों के सामने की हत्या

अंबाला में चरित्र पर शक के चलते सनकी पति ने पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। कपड़े धो रही पत्नी ने जब प्रताड़ना से तंग आकर तलाक मांगा, तो आरोपी ने रसोई से छुरी लाकर सीने में उतार दी। 2 मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, आरोपी फरार।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 7 September 2026, 11:58 AM IST
google-preferred

Ambala: हरियाणा के अंबाला के बलदेव नगर स्थित गुरु नानक नगर में चरित्र पर बेबुनियाद शक और शराब की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को चंद मिनटों में तबाह कर दिया। सनक की सारी हदें पार करते हुए आरोपी पति बंटी ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी हिना की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। शादी के 13 साल बाद हुए इस जघन्य हत्याकांड ने 11 साल के बेटे और 9 साल की बेटी के सिर से मां का साया हमेशा के लिए छीन लिया है।

फोन व्यस्त रहने पर शुरू होता था कलेश

मृतका के भाई नन्नू द्वारा पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, हिना की शादी 13 साल पहले बंटी के साथ हुई थी। पेशे से मजदूर बंटी अपनी पत्नी के चरित्र पर आए दिन शक करता था। हिना का फोन जरा सा भी व्यस्त आ जाए या वह किसी से सामान्य बात भी कर ले, तो बंटी गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाता था।

इस रोज-रोज के कलेश से तंग आकर परिवार तीन महीने पहले ही गुरु नानक नगर के मकान नंबर 19-सी में किराए पर रहने आया था, लेकिन शक का भूत पति के सिर से नहीं उतरा।

अंकित बालियान हत्याकांड: एक लाख के इनामी साजिशकर्ता भोलू शाहपुरिया की तलाश में दिल्ली-हरियाणा तक ताबड़तोड़ छापेमारी

रसोई से छुरी लाकर किए ताबड़तोड़ वार

रविवार शाम करीब 4:30 बजे हिना आंगन में कपड़े धो रही थी। इसी बीच बंटी शराब के नशे में धुत होकर पहुंचा और फिर से हिना पर शक जताते हुए गाली-गलौज करने लगा। लगातार हो रहे प्रताड़ना से तंग आकर हिना ने जब कहा कि "अब बहुत हुआ, मुझे तुमसे तलाक चाहिए," तो बंटी आपे से बाहर हो गया। गुस्से में अंधे होकर उसने रसोई से सब्जी काटने वाली छुरी उठाई और हिना के पेट, छाती और कोहनी पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

बचाने आए साले को दी जान से मारने की धमकी

अपनी बहन की चीख-पुकार सुनकर जब हिना का भाई नन्नू उसे बचाने दौड़ा, तो आरोपी ने उस पर भी छुरी से हमला करने और जान से मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लहूलुहान अवस्था में पत्नी को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पड़ोसी और परिजन तुरंत खून से लथपथ हिना को सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पंजाब के कपूरथला में अजूबा: 15 दिन पहले जिसकी दी अंतिम विदाई, वह जेल में मिला सुरक्षित; अब तलाश उस लाश की

पुलिस और क्राइम टीम की जांच तेज

घटना की सूचना मिलते ही बलदेव नगर थाना पुलिस और डॉ. चंद्रशेखर के नेतृत्व में सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने नन्नू की शिकायत पर आरोपी बंटी के खिलाफ हत्या और आपराधिक धमकी की संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापे मारे जा रहे हैं।

Location :  Ambala

Published :  7 September 2026, 11:58 AM IST

Advertisement