हिंदी
होटल की आड़ में कथित देह व्यापार का आरोप (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र में होटल संचालन को लेकर गंभीर शिकायत सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। जिगिना चौराहे के आसपास संचालित कुछ होटलों में नियम-कायदों को दरकिनार कर कथित तौर पर देह व्यापार चलाए जाने का आरोप लगाया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ होटलों में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियां लंबे समय से संदेह के घेरे में हैं। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि होटलों में युवतियों के साथ कथित तौर पर किशोरियों को भी ग्राहकों के सामने परोसे जाने की बात सामने आ रही है।
इस पूरे मामले में सबसे चिंताजनक आरोप नाबालिग किशोरियों के कथित इस्तेमाल से जुड़ा है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि कथित गतिविधियों में उम्र के हिसाब से अलग-अलग रकम तय किए जाने की चर्चा है। आरोप है कि युवतियों के लिए अलग दर बताई जाती है, जबकि नाबालिग किशोरियों के नाम पर अधिक रकम वसूले जाने की बात कही जाती है। हालांकि, इस दावे की भी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
होटलों के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों के कारण इलाके का माहौल प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, देर रात तक संदिग्ध लोगों की आवाजाही और होटलों के आसपास गतिविधियों को लेकर लगातार चिंता बनी रहती है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि किसी स्थान पर इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियां चल रही हैं तो इससे सिर्फ सामाजिक माहौल ही नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है।
मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका को लेकर भी शिकायतकर्ताओं ने सवाल खड़े किए हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि होटल संचालकों को कथित तौर पर पुलिस का संरक्षण प्राप्त है और पुलिस की मिलीभगत से गतिविधियां चल रही हैं। हालांकि, पुलिस पर लगाए गए इन आरोपों की भी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इन दावों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने शिकायत का संज्ञान लिया है। सीओ गीडा आभा सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि एसडीएम से वार्ता के बाद जल्द ही छापेमारी की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अब उम्मीद जगी है कि शिकायतों की वास्तविकता सामने आ सकेगी। छापेमारी के दौरान होटलों के दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और वहां मौजूद लोगों की जानकारी की जांच की जा सकती है।
Location : Gorakhpur
Published : 17 August 2026, 7:13 PM IST