हिंदी
बेडरूम में कैमरा देखकर दंग रह गई बहू (Img: AI Generated Image)
Agra: आगरा के एकता थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में सबसे गंभीर आरोप उसके ससुर पर लगा है। विवाहिता का कहना है कि उसके बेडरूम में कैमरा लगवाकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जाती थी और कैमरे का डिस्प्ले मॉनिटर ससुर के कमरे में लगाया गया था। इस आरोप ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
पीड़िता के मुताबिक उसकी शादी 27 जून 2021 को देवरी रोड निवासी युवक से हुई थी। उसका पति दिल्ली मेट्रो में नौकरी करता है। विवाह के दौरान कार, घरेलू सामान, सोने-चांदी के आभूषण और आठ लाख रुपये नकद समेत करीब 22 लाख रुपये खर्च किए गए थे।
आरोप है कि शादी के बाद भी सास, ननद, नंदोई, पति और ससुर की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती रही। विवाहिता का दावा है कि उससे 10 लाख रुपये और लाने का दबाव बनाया गया। मांग पूरी नहीं होने पर पति की ओर से दूसरी शादी करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
ये भी पढ़ें- ‘ये चमत्कार ही तो है!’ ऑटो में रह गई थी जिंदगी भर की कमाई, जानिए कैंट पुलिस ने कैसे पलटी बाजी
विवाहिता ने आरोप लगाया कि 25 मई 2026 को दिल्ली में उसके साथ मारपीट की गई और करीब एक घंटे तक वह बेहोश रही। इसके बाद 27 मई को उसे उसके पांच साल के बेटे के साथ आगरा लाया गया, जहां कथित तौर पर फिर मारपीट हुई और घर से बाहर निकाल दिया गया। पीड़िता के अनुसार उस समय उसने 112 पर भी शिकायत की थी। मामले में पति पर बिना जानकारी दिए अदालत में तलाक का मुकदमा पेश करने और दूसरी शादी की अनुमति मांगने का आरोप भी लगाया गया है।
पीड़िता का कहना है कि शिकायत के बाद ससुर ने घर के अलावा उसके बेडरूम में भी कैमरा लगवा दिया। कैमरे का डिस्प्ले अपने कमरे में रखे जाने के कारण वह खुद को बेहद असहज महसूस करने लगी। उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उसके पांच साल के बेटे का स्कूल में दाखिला तक नहीं कराया। विवाहिता के मुताबिक करीब तीन महीने पहले उसे घर से निकाल दिया गया था। अब उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें- सरकारी राशन में मिलावट का खुलासा, चावल के दो सैंपल फेल; दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी
एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सामने आए आरोपों की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विवाहिता की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
Location : Agra
Published : 22 August 2026, 9:08 PM IST