हिंदी
नहर में मिली दो लाश
कानपुर: जिले के सचेंडी थाना क्षेत्र स्थित बिन्नौर क्रॉसिंग के पास रामगंगा नहर में शुक्रवार सुबह दो अज्ञात शव उतराते हुए मिले। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने जैसे ही नहर में शवों को देखा तुरंत पुलिस को सूचना दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नहर से बाहर निकलवाया।
शवों की हालत देखकर हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, दोनों शव पुरुषों के हैं और करीब 30 से 40 वर्ष की उम्र के प्रतीत हो रहे हैं। शवों की हालत काफी खराब थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि ये 2 से 3 दिन पुराने हो सकते हैं। कुछ चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। जिससे हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
शिनाख्त में जुटी पुलिस
फिलहाल दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालना शुरू कर दिया है और शवों की तस्वीरें भेजी जा रही हैं ताकि उनकी पहचान हो सके। इसके अलावा स्थानीय लोगों से भी शवों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
एफएसएल और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया
सुराग जुटाने के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम (FSL) और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। हालांकि अभी तक कोई ऐसा दस्तावेज या वस्तु नहीं मिली है जिससे मृतकों की पहचान में मदद मिल सके।
हत्या की आशंका पर लोगों की चर्चा
बिन्नौर और आसपास के गांवों में इस घटना के बाद लोगों में डर और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इसे सुनियोजित हत्या मान रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि यह किसी गिरोह या आपसी रंजिश का नतीजा हो सकता है।
पुलिस बोली- हर पहलू से होगी जांच
सचेंडी थाना प्रभारी ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या और हादसे तीनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
Location : Kanpur
Published : 21 June 2025, 7:17 PM IST
Topics : DeadBody Kanpur police Ramganga canal क्राइम