हिंदी
Sanjukta Parashar
Assam News: जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) से पढ़ाई करने वाली और UPSC परीक्षा पास कर IPS अधिकारी बनीं संजुक्ता पाराशर ने सुरक्षा क्षेत्र में एक नया मुकाम हासिल किया है। असम-मेघालय कैडर की 2006 बैच की IPS अधिकारी संजुक्ता पाराशर को सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) की खास कमांडो यूनिट CoBRA सेक्टर हेडक्वार्टर में पहली महिला इंस्पेक्टर जनरल (IG) नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को सुरक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के तौर पर देखा जा रहा है।
संजुक्ता पाराशर अब CRPF की कमांडो बटालियन फॉर रिजॉल्यूट एक्शन (CoBRA) की कमान संभालेंगी। वह 1996 बैच के IPS अधिकारी दानिश राणा की जगह यह जिम्मेदारी लेंगी। CoBRA CRPF की विशेष जंगल वॉरफेयर कमांडो यूनिट है, जिसे खासतौर पर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और उग्रवाद से निपटने के लिए तैयार किया गया है।
यह पहली बार है जब दस बटालियन वाली CoBRA यूनिट की जिम्मेदारी किसी महिला अधिकारी को दी गई है। हालांकि CRPF में इससे पहले भी कई अहम सेक्टरों की कमान महिला अधिकारियों ने संभाली है।
संजुक्ता पाराशर का नाम असम में उग्रवाद विरोधी अभियानों के लिए जाना जाता है। उन्होंने अपने कैडर राज्य असम में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। खासकर असम के ऊपरी इलाकों में उन्होंने उग्रवाद के खिलाफ चलाए गए अभियानों में अहम भूमिका निभाई।
इसके अलावा वह नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। सुरक्षा मामलों और जमीनी ऑपरेशन का उनका अनुभव CoBRA जैसी विशेष यूनिट के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अक्टूबर 1979 में जन्मीं संजुक्ता पाराशर ने शुरुआती शिक्षा असम में पूरी की। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली पहुंचीं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के इंद्रप्रस्थ कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया। इसके बाद उन्होंने जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) से इंटरनेशनल रिलेशंस में मास्टर्स डिग्री हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने UPSC परीक्षा पास की और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में शामिल हुईं।
अपने साहसिक फैसलों और सुरक्षा अभियानों में सक्रिय भूमिका के कारण संजुक्ता पाराशर को ‘आयरन लेडी ऑफ असम’ के नाम से भी जाना जाता है। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी लोकप्रियता है। फेसबुक पर उनके 76 हजार से ज्यादा और इंस्टाग्राम पर 24 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। CRPF की CoBRA यूनिट की कमान संभालना उनके करियर की एक बड़ी जिम्मेदारी मानी जा रही है। अब वह देश की सबसे चुनौतीपूर्ण सुरक्षा इकाइयों में से एक का नेतृत्व करेंगी।
Location : Assam
Published : 17 September 2026, 7:58 PM IST