हिंदी
एक ही पल में उजड़ गई पशुपालकों की मेहनत (Img: Pinterest)
Jehanabad: थाना क्षेत्र के बसफरा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन (एचटी) बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया। उसी दौरान खेत के पास मौजूद छह मवेशी करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और पशुपालकों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, हादसे में किसान सुखपाल की दो भैंसें और एक पड़िया तथा गोपाल पाल की एक भैंस और दो पड़ियों की मौत हो गई। सभी मवेशी खेत के आसपास चर रहे थे, तभी अचानक एचटी लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया। तेज करंट फैलने से मवेशियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृत मवेशियों का पंचनामा तैयार कर नुकसान का आकलन किया। संबंधित रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
मंत्री की चेतावनी भी बेअसर! आखिर किसके इशारे पर प्रदर्शनकारियों पर दर्ज हुआ मुकदमा?
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर बिजली लाइनें और ढीले तार हादसों को न्योता दे रहे हैं, लेकिन विभाग समय रहते मरम्मत नहीं कर रहा। ग्रामीणों ने मृत पशुओं के उचित मुआवजे, जर्जर बिजली लाइनों की तत्काल मरम्मत और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि मवेशी उनकी आजीविका का प्रमुख साधन थे। ऐसे में सरकार और प्रशासन को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके। गांव में इस हादसे के बाद दहशत का माहौल है और लोग बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
Location : Jehanabad
Published : 29 June 2026, 2:30 PM IST
Topics : High Voltage Wire HT Line Jehanabad