Nepal Flash Flood: नेपाल बाढ़ का ट्रेनों पर असर, समस्तीपुर रेल मंडल में ट्रैक और पुलों की निगरानी तेज; जानिये पूरा अपडेट

समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने इंजीनियरिंग विभाग की टीम और फील्ड कर्मचारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। ट्रैकमैन और ब्रिज प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रेलवे ट्रैक, पुल-पुलियों और जलस्तर की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 27 August 2026, 7:55 PM IST
google-preferred

मोतिहारी: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और सीमावर्ती नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए रेलवे ने पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन के साथ-साथ राज्य बाढ़ नियंत्रण विभाग से लगातार संपर्क बनाए रखने का फैसला किया है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आपात स्थिति में सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान कर समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें, इसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखा जा रहा है।

24 घंटे अलर्ट पर इंजीनियरिंग टीम और फील्ड स्टाफ

समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने इंजीनियरिंग विभाग की टीम और फील्ड कर्मचारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

ट्रैकमैन और ब्रिज प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रेलवे ट्रैक, पुल-पुलियों और जलस्तर की लगातार निगरानी करने को कहा गया है। खासतौर पर उन रेलखंडों पर नजर रखी जा रही है, जहां बाढ़ का असर पड़ने की संभावना अधिक है।

डेंजर मार्क पर पहुंचा पानी तो तुरंत रोकी जाएंगी ट्रेनें

रेल प्रशासन ने साफ किया है कि अगर किसी भी रेलखंड पर पानी का स्तर खतरे के निशान तक पहुंचता है या ट्रैक की सुरक्षा प्रभावित होती है, तो यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों का परिचालन तत्काल रोक दिया जाएगा।

रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी रखी जा रही हैं।

सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी

नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के कारण बिहार के सीमावर्ती जिलों में नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। रेलवे प्रशासन किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग के साथ मिलकर काम कर रहा है।

Location :  Bihar

Published :  27 August 2026, 7:12 PM IST

Advertisement