हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Patna: बिहार की नई सरकार कल आकार लेने जा रही है। 7 मई को बिहार को उसका पूरा मंत्रिमंडल मिल जाएगा। पटना के गांधी मैदान में इस शपथ ग्रहण के लिए भव्य समारोह होने जा रहा है। शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई बड़े नेता शिरकत करेंगे। इसको लेकर गांधी मैदान में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है।
सियासत में गुरुवार को होने वाले सम्राट कैबिनेट विस्तार से पहले बड़ा राजनीतिक ट्विस्ट सामने आया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अब मंत्री पद संभाल सकते हैं। जो निशांत अब तक राजनीति से दूरी बनाए हुए थे, वही अब सत्ता के गलियारों में एंट्री के लिए तैयार बताए जा रहे हैं।
सुबह पहले जेडीयू के नेता ललन सिंह, संजय झा और विजय चौधरी ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार के साथ लंबी बैठक की। इसके बाद तीनों नेता सीधे सीएम हाउस पहुंचे, जहां वे सीएम सम्राट चौधरी से मिले। माना जा रहा है कि जेडीयू की ओर वो सूची सम्राट चौधरी को सौंपी गई है, जिन्हें मंत्री बनाया जाना है।
अब ये सूची सीएम हाउस से राजभवन भेजी जाएगी, जहां से मंत्रियों के नाम पर राज्यपाल की मुहर लगेगी। सबसे ज्यादा नजर इस बात पर बनी हुई है कि क्या इस लिस्ट में नीतीश कुमार के निशांत का भी नाम है? जानकारी के मुताबिक, जेडीयू के नेताओं ने निशांत को इसके लिए राजी कर लिया है। निशांत ने पहले मंत्री पद लेने से इनकार कर दिया था।
फिलहाल, पटना में कैबिनेट विस्तार की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस कार्यक्रम में हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। पटना में शपथ ग्रहण समारोह के लिए जगह-जगह पोस्टर भी लगाए गए हैं, जिनमें पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नितिन नवीन के स्वागत संदेशों के साथ 'विकसित भारत, विकसित बिहार' का नारा लिखा है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी आलाकमान ने मंत्रियों की सूची को अंतिम मंजूरी दे दी है, जिससे बिहार में कैबिनेट विस्तार का रास्ता साफ हो गया है।
Location : Patna
Published : 6 May 2026, 5:01 PM IST