हिंदी
पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान
Patna: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार यानी आज हो रहा है। इस चरण में राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है और शाम तक चलेगा। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
मतदान से पहले यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि आपका नाम वोटर लिस्ट (मतदाता सूची) में है या नहीं। अगर आपका नाम सूची में दर्ज नहीं है, तो आप मतदान नहीं कर पाएंगे। मतदाता सूची में नाम चेक करने के लिए आप घर बैठे ऑनलाइन तरीका अपना सकते हैं।
इसके लिए सबसे आसान उपाय है Voter Helpline App का इस्तेमाल। इसे गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड करें। ऐप खोलकर अपना नाम, पिता का नाम और विधानसभा क्षेत्र दर्ज करें। इसके बाद आपकी मतदाता जानकारी और पोलिंग बूथ की डिटेल्स स्क्रीन पर दिखाई देंगी।
इसके अलावा, आप नेशनल वोटर्स सर्विस पोर्टल (NVSP) की वेबसाइट www.nvsp.in
पर जाकर भी अपना नाम, वोटर आईडी नंबर और बूथ जानकारी चेक कर सकते हैं।
अगर आपके पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है तो घबराने की जरूरत नहीं। चुनाव आयोग ने कुल 12 पहचान पत्रों को मतदान के लिए मान्य घोषित किया है। इनमें से किसी एक दस्तावेज को दिखाकर आप वोट डाल सकते हैं।
चुनाव आयोग ने बताया कि पहले चरण में कुल 2.5 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सभी मतदान केंद्रों पर CCTV निगरानी और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में पैरामिलिट्री फोर्स की अतिरिक्त मौजूदगी सुनिश्चित की गई है।
महिलाओं की सुविधा के लिए आयोग ने महिला संचालित बूथ (पिंक बूथ) की व्यवस्था की है। वहीं, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
Location : Patna
Published : 6 November 2025, 7:23 AM IST