हिंदी
मोकामा से उम्मीदवार अनंत सिंह गिरफ्तार
Patna: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। शनिवार देर रात उन्हें दुलारचंद हत्याकांड मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी चुनाव प्रचार के बीच हुई, जिससे राज्य की सियासत में जबरदस्त हलचल मच गई है। गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद ही अनंत सिंह का एक सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो गया।
गिरफ्तारी के तुरंत बाद अनंत सिंह के आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक पोस्ट साझा किया गया। उस पोस्ट में उन्होंने लिखा, “सत्यमेव जयते। मुझे मोकामा की जनता पर पूर्ण भरोसा है। अब चुनाव मोकामा की जनता लड़ेगी।” इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी शेयर किया गया, जिसमें उनकी गिरफ्तारी के दृश्य नजर आ रहे हैं।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अनंत सिंह, मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम उर्फ दिमागी शामिल हैं। एसएसपी के अनुसार, मोकामा के तारतर इलाके में 30 अक्टूबर को दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
जांच के दौरान यह पाया गया कि घटना के समय अनंत सिंह मौके पर मौजूद थे और उन्होंने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया। इसके बाद शनिवार देर रात यह कार्रवाई की गई।
दुलारचंद के परिजनों ने अनंत सिंह समेत चार लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाद में पियूष प्रियदर्शी नामक व्यक्ति ने भी छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने स्वतंत्र जांच करते हुए पाया कि मामला हत्या का है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि हुई है। एसएसपी ने कहा कि अनंत सिंह को इस केस का मुख्य अभियुक्त बनाया गया है। अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अनंत सिंह और उनके दो सहयोगियों को रविवार दोपहर पटना सिविल कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस बीच, प्रशासन ने मोकामा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
बिहार में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में अनंत सिंह की गिरफ्तारी ने राजनीतिक सरगर्मी को और बढ़ा दिया है। एक तरफ विपक्ष इसे “राजनीतिक साजिश” बता रहा है, तो दूसरी ओर प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई कानून के तहत की गई है। मोकामा सीट लंबे समय से अनंत सिंह का गढ़ मानी जाती है, लेकिन इस गिरफ्तारी के बाद उनके राजनीतिक भविष्य पर सवाल उठने लगे हैं।
Location : Patna
Published : 2 November 2025, 9:26 AM IST
No related posts found.