हिंदी
Maharajganj: महराजगंज पुलिस ने 105 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सर्विलांस सेल ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से यह बड़ी सफलता हासिल की। विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों और CEIR पोर्टल पर दर्ज मामलों की जांच की गई। सर्विलांस टीम ने IMEI नंबर ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल निगरानी के जरिए अलग-अलग कंपनियों के स्मार्टफोन खोज निकाले। इसके बाद सभी संबंधित मोबाइल स्वामियों को बुलाकर वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई और उनके मोबाइल वापस सौंप दिए गए।
पुलिस विभाग के अनुसार, केवल पिछले तीन महीनों में ही सर्विलांस सेल 307 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी कुल कीमत लगभग 90 लाख रुपये है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है और तकनीक आधारित पुलिसिंग को आगे भी मजबूत किया जाएगा।
Location : Maharajang
Published : 18 June 2026, 3:58 PM IST