हिंदी
पंजाब पुलिस ने लुधियाना से किया गिरफ्तार
हरिद्वार: हरिद्वार के प्रसिद्ध चंडी देवी मंदिर से जुड़े महंत रोहित गिरी को बुधवार को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि महंत पर पंजाब के लुधियाना जिले में एक महिला ने छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में पंजाब पुलिस द्वारा गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता, के मुताबिक गिरफ्तारी की यह कार्रवाई बुधवार को की गई, जब पंजाब पुलिस की एक टीम हरिद्वार पहुंची और स्थानीय पुलिस की जानकारी में यह कार्रवाई की। श्यामपुर थाना अध्यक्ष नितेश शर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब पुलिस ने विधिवत गैर जमानती वारंट प्रस्तुत किया और महंत रोहित गिरी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला द्वारा लुधियाना के एक पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में महंत पर छेड़छाड़, अभद्रता और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने अपने धार्मिक और सामाजिक प्रभाव का गलत इस्तेमाल करते हुए महिला को दबाव में लाने की कोशिश की थी। मामला संगीन होने के कारण पंजाब पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी करवाया।
महंत रोहित गिरी हरिद्वार के धार्मिक समुदाय में एक प्रमुख नाम रहे हैं और चंडी देवी मंदिर से उनका वर्षों से जुड़ाव रहा है। गिरफ्तारी के बाद स्थानीय संत समाज और भक्तों में हलचल मच गई है। कुछ लोगों ने इस कार्रवाई को 'धार्मिक भावना पर चोट' बताते हुए नाराजगी जताई है, तो वहीं कई लोग न्यायिक प्रक्रिया को सही ठहरा रहे हैं।
पंजाब पुलिस महंत रोहित गिरी को हिरासत में लेकर लुधियाना ले गई है, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी और मामले की गहन जांच होगी। फिलहाल महंत को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यदि आरोप साबित होते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
इस घटनाक्रम के बाद चंडी देवी मंदिर प्रशासन ने खुद को इस मामले से अलग बताते हुए कहा कि यह महंत का व्यक्तिगत मामला है और मंदिर की गतिविधियों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
Location : Haridwar
Published : 14 May 2025, 5:56 PM IST
Topics : arrest Chandi Devi Temple Criminal case Haridwar Ludhiana Mahant Rohit Giri Molestation case Punjab Police Religious leader