हिंदी
यूआईआईडी कंपनी के मैनेजर महेंद्र सेठी के खिलाफ प्रदर्शन
Vikas Nagar: विकास नगर क्षेत्र के डाकपत्थर में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब यूआईआईडी कंपनी के मैनेजर महेंद्र सेठी के खिलाफ स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने गेस्ट हाउस के बाहर उनका घेराव करते हुए नारेबाजी की और सरकार के फैसले पर नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (UJVNL) और डाकपत्थर क्षेत्र की कुछ जमीन सरकार द्वारा यूआईआईडी कंपनी को ट्रांसफर किए जाने के बाद से ही विवाद खड़ा हो गया है। इस फैसले को लेकर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों में पहले से ही काफी रोष देखने को मिल रहा है। वहीं डाकपत्थर क्षेत्र की जनता भी इस निर्णय का लगातार विरोध कर रही है।
बताया जा रहा है कि यूआईआईडी कंपनी के मैनेजर महेंद्र सेठी जब गढ़वाल मंडल विकास निगम लिमिटेड के गेस्ट हाउस, डाकपत्थर पहुंचे तो इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भारी संख्या में वहां पहुंच गए। इसके बाद लोगों ने उनका घेराव कर लिया और उनसे इस जमीन ट्रांसफर को लेकर जवाब मांगा। हालांकि इस दौरान महेंद्र सेठी और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत भी की गई, लेकिन कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका।
Video: मैनपुरी में पानी को लेकर भारी नाराजगी, ग्रामीणों ने दिया ये अल्टीमेटम
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने “यूआईआईडी मुर्दाबाद” और “भू माफिया मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। इसके साथ ही विकास नगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई। लोगों का आरोप है कि इस पूरे मामले में जनहित की अनदेखी की गई है।
मौके पर मौजूद मीडिया ने जब यूआईआईडी के मैनेजर महेंद्र सेठी से बात करने की कोशिश की तो वह कैमरे से बचते नजर आए और उन्होंने इस मामले में कोई भी बयान देने से इनकार कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सरकार ने जमीन ट्रांसफर का फैसला वापस नहीं लिया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड के कर्मचारी और अधिकारी भी इस फैसले के विरोध में लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
Location : Vikas Nagar
Published : 14 March 2026, 6:36 PM IST