कैची धाम मार्ग पर बोनट पर बैठाकर थार दौड़ाई, जानलेवा स्टंट का वीडियो वायरल होने पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

कैची धाम मार्ग पर थार चालक द्वारा बोनट और खिड़की पर दो लोगों को बैठाकर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई की। इस स्टंट से न सिर्फ वाहन चालक और उसके साथियों की जान खतरे में पड़ी, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के लिए भी गंभीर स्थिति बन गई।

Nainital: नैनीताल कैची धाम मार्ग पर एक थार गाड़ी का वीडियो सामने आया, जिसमें वाहन संख्या DL4BC7795 को चला रहा युवक अपने वाहन की बोनट और खिड़की पर दो लोगों को बैठाकर खतरनाक तरीके से गाड़ी दौड़ाता हुआ दिखाई दिया। इस स्टंट से न सिर्फ वाहन चालक और उसके साथियों की जान खतरे में पड़ी, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के लिए भी गंभीर स्थिति बन गई। राहगीर द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मामला तुरंत संज्ञान में लिया गया।

वायरल वीडियो के बाद नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही यातायात निरीक्षक महेश चंद्र ने वाहन और उसके चालक का पता लगाकर कार्रवाई शुरू की। जांच में वाहन चालक राहुल, निवासी दिल्ली, की पहचान की गई। खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और कानून का उल्लंघन करने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान चालक ने भविष्य में ऐसी हरकत न दोहराने की बात कहते हुए माफी भी मांगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्टंटबाजी, अराजकता, गुंडागर्दी और कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

नैनीताल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि कानून का पालन करें, सुरक्षित ढंग से वाहन चलाएं और किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी या हुड़दंग से दूर रहें। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर उसकी नजर लगातार बनी हुई है।

Location :  Nainital

Published :  23 May 2026, 8:52 PM IST

Advertisement