छात्र राजनीति के जोश में होश खो बैठे युवा, नैनीताल पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने खोल दी सबकी आंखें

हल्द्वानी में छात्र संघ चुनाव के दौरान हुड़दंग और यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बड़ी कार्रवाई की है।

Haldwani: छात्र संघ चुनाव को लेकर प्रचार के दौरान हुड़दंग, अराजकता और यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी में रात 11 बजे से सुबह 2 बजे तक ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।

पुलिस ने अभियान चलाकर की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, छात्र संघ चुनाव के दौरान कुछ प्रत्याशियों और समर्थकों द्वारा बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर व होर्डिंग लगाने, वाहनों से जिग-जैग तरीके से वाहन चलाकर हुड़दंग करने, आम लोगों और रेहड़ी-फड़ वालों से अभद्रता व मारपीट करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित करने की शिकायतें सामने आई थीं। इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की।

यह भी पढ़ें - Haldwani News: घर में अकेली थी 14 साल की किशोरी, परिजन लौटे तो कमरे का मंजर देख उड़ गए होश

पुलिस के गिरफ्त में नशे में धुत चालक

अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, मोटर वाहन अधिनियम के तहत 20 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा क्षेत्र में अनावश्यक रूप से घूमकर हुड़दंग और अराजकता करने वाले पांच लोगों को धारा 172 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 12 सितंबर 2026 को कोतवाली हल्द्वानी में दो मुकदमे भी दर्ज किए। इनमें एक मुकदमा मुकेश पाण्डे और 18 अन्य के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में, जबकि दूसरा अमन चन्द्र और सात अन्य के खिलाफ उत्तराखंड सार्वजनिक संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- Haldwani: डकैती से पहले हुई थी पूरी तैयारी, फिर ऐसे पकड़े गए दो नकाबपोश आरोपी

अभद्रता करने वालों पर सख्त कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में चलाया गया। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छात्र संघ चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने, सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने, यातायात बाधित करने या आमजन से अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Location :  Haldwani

Published :  13 September 2026, 7:31 PM IST

Advertisement