जंगल में घास काटने गई महिला पर बाघ का हमला, तीन किलोमीटर अंदर से मिला शव, क्षेत्र में दहशत

नैनीताल के फतेहपुर रेंज में घास लेने गई महिला पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। पुलिस और वन विभाग ने तीन घंटे की कॉम्बिंग के बाद उसका शव जंगल के भीतर से बरामद किया। क्षेत्र में दहशत फैल गई है और गश्त बढ़ा दी गई है। पढ़ें पूरी खबर

Nainital News:  नैनीताल जिले के हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत फतेहपुर रेंज में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घास लेने जंगल की ओर गई एक महिला पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। हमले के तुरंत बाद बाघ महिला को खींचकर गहरे जंगल में ले गया। सूचना मिलने पर पुलिस, वन विभाग और स्थानीय लोग घंटों तक खोज में जुटे रहे और लगभग तीन घंटे की तलाश के बाद महिला का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर भीतर जंगल से बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम फैल गया है।

क्या है पूरी खबर?

जब हमला हुआ, उस वक्त महिला अपनी बहू और गांव की एक अन्य महिला के साथ घास लेने गई थी। गंगा देवी नाम की यह महिला रोज की तरह सुबह जंगल किनारे पहुंची थीं। अचानक झाड़ियों के पीछे से बाघ निकला और सीधे उन पर टूट पड़ा। साथ में मौजूद दोनों महिलाओं ने शोर मचाकर उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन बाघ उन्हें खींचते हुए जंगल की ओर ले गया। घबराए हुए ग्रामीण तत्काल मुखानी थाना और वन विभाग को सूचना देने पहुंचे।

 घटना बेहद भयावह

सूचना मिलते ही पुलिस और वन कर्मियों ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान शुरू किया। घना जंगल और ऊबड़-खाबड़ रास्तों के कारण खोज में काफी मुश्किलें आईं, लेकिन लंबे प्रयास के बाद गंगा देवी का शव गहराई में पड़ा मिला। आसपास संघर्ष के निशान साफ दिखाई देने से साफ था कि घटना बेहद भयावह रही होगी।

बाघ को भगाने की कोशिश में...

प्रत्यक्षदर्शी हेमा देवी ने बताया कि तीनों महिलाएं सुबह घास काट रही थीं, तभी अचानक बाघ हमला करने आ गया। उन्होंने कहा कि वे बाघ को भगाने की कोशिश में चिल्लाईं, लेकिन वह गंगा देवी को पकड़े हुए जंगल में घसीटता चला गया। हमला इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

 दूसरी महिला को भी ग्रामीणों ने संभाला

घटना की गंभीरता को देखते हुए बहू पुष्पा और दूसरी महिला को भी ग्रामीणों ने संभाला, क्योंकि दोनों हादसे से सदमे में हैं। बताया गया कि हमले के बाद कुछ देर के लिए बाघ पीछे हट भी गया था, लेकिन महिलाएं नीचे गांव सूचना देने गईं तो बाघ मृत महिला को फिर से घसीटकर जंगल में ले गया।

 महिला का पोस्टमार्टम

फतेहपुर रेंज के रेंजर प्रदीप कुमार असगोला ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगले कुछ दिनों तक कोई भी जंगल की ओर न जाए। नैनीताल एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने बताया कि पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कॉम्बिंग कर शव बरामद कर लिया है। महिला का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

Location : 
  • नैनीताल

Published : 
  • 12 February 2026, 6:56 PM IST

Advertisement
Advertisement