Crime: नशे से मुक्ति के लिए केंद्र गया युवक, दुनिया से हो गया मुक्त

हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में अवैध नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती 17 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने केंद्र पर मारपीट, लापरवाही और अवैध संचालन के आरोप लगाए हैं। स्वास्थ्य विभाग की जांच में केंद्र बिना अनुमति के पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने संचालिका पर मामला दर्ज किया है।

Updated : 8 May 2026, 8:01 PM IST
google-preferred

Haldwani: हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती 17 वर्षीय किशोर की तबियत अचानक बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोर को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर सुशीला तिवारी चिकित्सालय में भर्ती किया गया, जहां कई दिनों तक उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा, लेकिन गुरुवार देर रात उसने दम तोड़ दिया।

क्या है पूरी खबर?

घटना के बाद परिजनों ने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और मारपीट के आरोप लगाए हैं। किशोर की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा नशा करने की बुरी आदत में फंसा हुआ था। इसी वजह से 21 फरवरी को उसे लामाचौड़ क्षेत्र में स्थित एक नशा मुक्ति संस्था में भर्ती कराया गया था। मां का आरोप है कि जब 21 अप्रैल को वे बेटे से मिलने केंद्र पहुंचीं तो उसकी हालत बिल्कुल ठीक थी, लेकिन चार दिन बाद केंद्र से फोन कर बताया गया कि बच्चे को अचानक चक्कर आकर बेहोशी आ गई और उसे तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया है।

“मेरे चैंबर से बाहर निकल जाओ…” CJI सूर्यकांत ने सुनाया संघर्ष का किस्सा, कोर्टरूम में छा गया सन्नाटा

परिजनों के अनुसार, 24 अप्रैल को किशोर को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन जब परिवार वहां पहुंचा तो केंद्र का कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। अस्पताल के चिकित्सकों की जांच में पता चला कि किशोर के लीवर और गुर्दे पर गंभीर असर पड़ा था। स्थिति लगातार खराब होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा, लेकिन गुरुवार रात उसने अंतिम सांस ले ली।

कर्मचारियों पर मारपीट, लापरवाही का आरोप

किशोर की मौत के बाद परिवार ने नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारियों पर मारपीट, लापरवाही और समय पर उपचार न देने के आरोप लगाए। मां की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र की जांच कराई, जिसमें यह बात सामने आई कि संस्था बिना किसी अनुमति के चलाई जा रही थी। जांच रिपोर्ट के बाद पुलिस ने केंद्र संचालिका के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  नैनीताल

Published :  8 May 2026, 7:55 PM IST

Advertisement