नैनीताल जिले में युवक की मौत के बाद उठे सवाल, जानें क्यों

नैनीताल के बेतालघाट क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने खैरना चौकी प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।

Nainital:  नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र में युवक की मौत के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने तुरंत प्रभाव से खैरना चौकी प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है, ताकि जांच निष्पक्ष और बिना दबाव के आगे बढ़ सके।

पुलिसकर्मियों से कहासुनी

घटना बेतालघाट ब्लॉक के लोहाली गांव के रहने वाले बालम सिंह बिष्ट से जुड़ी है। 28 अप्रैल को खैरना क्षेत्र में उनका पुलिस से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि वह नदी और पहाड़ी का वीडियो बना रहे थे, इसी दौरान पुलिसकर्मियों से कहासुनी हो गई। बाद में पुलिस ने उनका मेडिकल कराया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया गया।

पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप

परिजनों का आरोप है कि घर पहुंचने से पहले बालम सिंह ने अपनी बहन और जीजा को फोन कर बताया था कि पुलिस ने उसके साथ बदसलूकी की, उसका सिम कार्ड तोड़ दिया और पांच हजार रुपये छीन लिए। इसी टूटे मन से उन्होंने कथित तौर पर जहर खाकर अपनी जान दे दी। उनके पास से मिला सुसाइड नोट भी कई सवाल खड़ा करता है, जिसमें पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लिखे मिले हैं।

“मेरे चैंबर से बाहर निकल जाओ…” CJI सूर्यकांत ने सुनाया संघर्ष का किस्सा, कोर्टरूम में छा गया सन्नाटा

सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज

मामला सामने आने के बाद मृतक की बहन मुन्नी जलाल की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस की कार्रवाई और जांच को लेकर क्षेत्र में रोष पनप रहा है। भवाली क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य और संजय बोहरा मृतक के घर पहुंचे और इस कठिन समय में परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

गोरखपुर में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर ऐसे दबोचे गए

बेटे के लिए न्याय की मांग

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हर पहलू को ध्यान से परखा जा रहा है। परिजन अपने बेटे के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि स्थानीय लोग पूरी घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Location :  Nainital

Published :  8 May 2026, 9:28 PM IST

Advertisement