

पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आकर एक मकान मलबे में दब गया। एक महिला की मौत की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
पिथौरागढ़ में भूस्खलन से मकान दबा
Pithoragarh: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। जिला मुख्यालय से लगभग 52 किलोमीटर दूर डीडीहाट क्षेत्र के भनडा वाली रोड पर आज सुबह लगभग सात बजे अचानक भूस्खलन हो गया, जिसमें एक पूरा मकान मलबे में समा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में एक महिला की मौत होने की आशंका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस समय भूस्खलन हुआ उस समय महिला घर के अंदर ही मौजूद थी। इसके अलावा घर में बंधे कुछ मवेशी भी थे, जिनके भी मलबे में दबे होने की सूचना है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि राहत-बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही हो पाएगी।
पिथौरागढ़ में शीघ्र खुलेगा पासपोर्ट सेवा केंद्र, सीमांत जिलों को मिलेगी बड़ी राहत
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पहाड़ी इतनी तेजी से दरकी कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। स्लाइड बहुत तेज गति से नीचे आया और देखते ही देखते पूरा मकान उसकी चपेट में आ गया। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके के लिए तुरंत रवाना हो गई। मशीनी और अन्य जरूरी उपकरणों के साथ राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से क्षेत्र में सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
पिथौरागढ़ से बड़ी खबर!
डीडीहाट में भूस्खलन से एक मकान मलबे में दब गया। जिसमें एक महिला की मौत और मवेशी के दबे होने की आशंका है। राहत-बचाव कार्य जारी है।#Pithoragarh #Landslide #UttarakhandRain #RescueOperation pic.twitter.com/zpxUJIPM4z
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) September 16, 2025
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग भयभीत हैं और पहाड़ी से गुजरने में डर महसूस कर रहे हैं। भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया है और मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड में बड़ा हादसा: पिथौरागढ़ में एनएचपीसी टनल का मुहाना मलबे से बंद, कई कर्मचारी अंदर फंसे
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के चलते संवेदनशील इलाकों में न जाएं और पहाड़ी रास्तों से दूरी बनाएं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें ताकि त्वरित सहायता मिल सके।