नैनीताल पुलिस का बड़ा एक्शन: करोड़ों के सहकारिता घोटाले का बड़ा खुलासा, पढ़े पूरी खबर

नैनीताल पुलिस ने करोड़ों रुपये की ठगी के बड़े घोटाले का खुलासा करते हुए “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी हेमचंद पंत और विकास दुर्गापाल ने कई जिलों के लोगों को उच्च ब्याज का झांसा देकर करीब 6.80 करोड़ रुपये हड़प लिए थे। पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद दोनों को लालकुआं से पकड़ा गया।

Nainital: जनपद में पुलिस ने एक बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा करते हुए सहकारिता के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े की परतें खोल दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर रामनगर पुलिस द्वारा गठित विशेष टीम ने देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता संस्था की गतिविधियों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि इस संस्था ने अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जनपद के सैकड़ों नागरिकों से निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये जमा किए थे।

अध्यक्ष और सचिव पर 6.80 करोड़ हड़पने का आरोप

पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संस्था के अध्यक्ष हेमचंद पंत और सचिव विकास दुर्गापाल ने लोगों को अधिक लाभ का लालच देकर लगभग 6 करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि जमा कराई और बाद में रकम लेकर फरार हो गए। संस्था की विभिन्न शाखाओं में जांच के दौरान भारी वित्तीय लेन-देन के साक्ष्य मिले। कई निवेशकों ने अपनी गाढ़ी कमाई डूबने की शिकायत पुलिस से की थी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच तेज की गई।

Bihar News: गांव के सभी ब्राह्मणों पर SC-ST एक्ट में FIR, जानें क्या है पूरा मामला?

दिल्ली से लखनऊ तक दबिश

पुलिस ने अदालत से वारंट और कुर्की के आदेश प्राप्त करने के बाद आरोपियों की तलाश में दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ समेत कई स्थानों पर दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद 04 फरवरी 2026 को दोनों मुख्य आरोपियों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। इनके खिलाफ रामनगर और मुखानी थानों में कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस घोटाले में और कौन-कौन शामिल है तथा रकम कहां-कहां निवेश या स्थानांतरित की गई।

एसएसपी की अपील: लालच में न आएं

इस पूरे मामले को लेकर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में अधिक मुनाफे के लालच में जल्दबाजी न करें। उन्होंने कहा कि निवेश से पहले संस्था की वैधता, पंजीकरण और प्रामाणिक दस्तावेजों की स्वयं जांच करें। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या ठगी की आशंका हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और नागरिकों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Dehradun News: आग से पहले चेतावनी, लच्छीवाला वन रेंज में अग्नि सुरक्षा को लेकर अनोखी पहल, जानें क्या….

 

Location : 
  • Nainital

Published : 
  • 5 February 2026, 2:21 PM IST

Advertisement
Advertisement